रविवार, 06 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सागर जिले में नकली शराब से दस मौतों पर सरकार सख्त, तीन आबकारी अधिकारी निलंबित, संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी ग्वालियर मुख्यालय अटैच

06 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सागर जिले में नकली शराब से दस मौतों पर सरकार सख्त, तीन आबकारी अधिकारी निलंबित, संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी ग्वालियर मुख्यालय अटैच
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। सागर जिले के बंडा तहसील क्षेत्र के ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में शराब पीने से दस लोगों की मृत्यु के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री व वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा के निर्देश पर विभाग ने तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। जबकि उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।


निलंबित अधिकारियों में सहायक आयुक्त आबकारी सागर कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर दिलीप खंडाते और आबकारी उप निरीक्षक वृत्त बंडा प्रोशनी उरेती शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “इस हादसे के पीछे जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार इस पूरे प्रकरण में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।


मामले की विस्तृत जांच की जा रही: डॉ. मोहन यादव 

मुख्यमंत्री ने कहा है कि अवैध या नकली शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभागीय स्तर पर यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी जवाबदेही तय की जाएगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शराब के स्रोत, उसकी आपूर्ति तथा घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। शासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले प्रत्येक दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


उपमुख्यमंत्री ने मौतों को दुखद व गंभीर घटना बताया

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सागर के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने से हुई मौतों को अत्यंत दुखद और गंभीर घटना बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली है। आबकारी आयुक्त को तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें