
भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो विस्तार को लेकर इस बार के बजट से बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। शहर में फिलहाल दो अहम कॉरिडोर पर काम चल रहा है, जिनके लिए नए वित्तीय प्रावधान किए जा सकते हैं। ऑरेंज लाइन के फेज-2 में सुभाषनगर से करोंद तक रूट तैयार किया जा रहा है, जबकि ब्लू लाइन भदभदा से रत्नागिरी तक जाएगी। पिछले साल सरकार ने भोपाल मेट्रो के लिए करीब 425 करोड़ रुपए का बजट दिया था, ऐसे में इस बार भी फंडिंग बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
नई सड़कें और फ्लाईओवर के लिए मिल सकता है बजट
शहर के ट्रैफिक को बेहतर बनाने के लिए कई सड़क और फ्लाईओवर प्रोजेक्ट्स को लेकर भी उम्मीदें बनी हुई हैं। पिछले बजट में 41 सड़कों और 3 फ्लाईओवर को मंजूरी मिली थी। इसके अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए टोकन राशि रखी गई थी, जिसकी अनुमानित लागत करीब 447.21 करोड़ रुपए बताई गई थी। अब नए बजट में इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए अतिरिक्त फंड मिल सकता है।
कुछ प्रोजेक्ट अब तक अधूरे
हालांकि, पिछले बजट में घोषित कुछ महत्वपूर्ण काम अब तक जमीन पर शुरू नहीं हो पाए हैं। शैतान सिंह तिराहे से कोलार मेन रोड को जोड़ने वाली सड़क और बावड़िया में प्रस्तावित नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की एप्रोच रोड का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि इस बार बजट में इन लंबित योजनाओं को प्राथमिकता मिलेगी।
खेल और स्वास्थ्य सेक्टर से भी उम्मीदें
भोपाल में खेल सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी बजट से सकारात्मक संकेत मिल सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों में इन दोनों विभागों को विशेष फंड मिला था, जिसके चलते कई परियोजनाएं शुरू हुईं। माना जा रहा है कि इस बार भी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थ सुविधाओं के विस्तार के लिए नए प्रावधान किए जा सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

