
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने टीबी उन्मूलन के प्रयासों के साथ नशामुक्त भारत अभियान को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के लिए महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल बुधवार को एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन के 77वें टीबी सील अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के सहयोग के लिए 11 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि युवाओं और बच्चों को नशे के आर्थिक, सामाजिक और मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
राज्यपाल ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान में मरीजों की जांच, उपचार और निगरानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रत्येक मरीज तक सही जानकारी, दवाइयां और पौष्टिक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित हो। उन्होंने माता-पिता से बच्चों को घर से ही नशे से दूर रहने के संस्कार देने और उन्हें संयमित जीवनशैली, पौष्टिक आहार व समय पर उपचार का महत्व समझाने की अपील की।
टीबी उन्मूलन के लिए समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान
राज्यपाल ने टीबी सील अभियान से जुड़े सदस्यों और स्वयंसेवी संस्थाओं से टीबी उन्मूलन के लिए समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में टीबी सील अभियान की जानकारी और जागरूकता पर आधारित किट का लोकार्पण भी किया गया। एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन के चेयरमैन जयपाल सचदेव सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य और लोकभवन के अधिकारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

