बुधवार, 25 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा- जनजातीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता की जिम्मेदारी सभी अधिकारियों की

25 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा- जनजातीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता की जिम्मेदारी सभी अधिकारियों की
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि पीएम जनमन और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना की सफलता के लिए केवल एक विभाग का प्रयास पर्याप्त नहीं है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पंचायत पदाधिकारियों से लेकर तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की है। 


राज्यपाल बुधवार को लोकभवन के संदीपनी सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पीएम जनमन और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की भूमिका की समीक्षा की गई। उन्होंने अंतर विभागीय समन्वय के साथ योजनाओं की नियमित और बारीकी से निगरानी करने के निर्देश दिए।


राज्यपाल ने कहा कि प्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चों के पोषण के साथ उनकी शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे बच्चों के लिए छात्रावास जैसी व्यवस्थाओं की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में छोटी-छोटी व्यावहारिक समस्याओं की अनदेखी भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। इसलिए मैदानी स्तर पर कार्यों की गंभीरता से समीक्षा जरूरी है।


आंगनबाड़ी केंद्रों तक बारहमासी पहुंच बनाने के निर्देश

राज्यपाल ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा केंद्रों तक बारहमासी पहुंच बनाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए ग्रामीण विकास और महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त निरीक्षण करने को कहा। साथ ही अति पिछड़ी जनजातीय समुदाय की महिलाओं को मिलने वाले आहार, अनुदान और लाड़ली बहना योजना के लाभों की प्रक्रियाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया।


आयुष तेल से बच्चों की मालिश के सकारात्मक परिणाम मिले: निर्मला भूरिया

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने विभाग की पोषण संबंधी पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झाबुआ में आयुष तेल से बच्चों की मालिश के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। प्रवासी श्रमिक परिवारों की माताओं और बच्चों के पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने पोषण आहार में श्रीअन्न के उपयोग के लिए सभी जिलों में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा की।महिला एवं बाल विकास आयुक्त संदीप जी.आर. ने विभागीय कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में जनजातीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दीपक खांडेकर सहित संबंधित अधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें