
भोपाल। प्रदेश की राजधानी में 14 अगस्त को देश की विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। मंगलवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर (सीपी) संजय कुमार के साथ यात्रा शुरू होने के स्थल का निरीक्षण किया।
यात्रा हुजूर विधानसभा के मुखर्जी नगर, कोलार से संत हिरदाराम नगर, बैरागढ़ तक जाएगी, जिसमें लाखों लोग सम्मिलित होकर देशभक्ति का उत्सव मनाएंगे। विधायक रामेश्वर शर्मा ने मदर टेरेसा स्कूल के सामने बनने वाले मंच और यात्रा के सहभागी नागरिकों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
विधायक रामेश्वर शर्मा की ओर से कर्मश्री के तत्वावधान में प्रतिवर्ष अखंड भारत स्मृति दिवस पर विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर-घर तिरंगा अभियान’ की कड़ी में यह यात्रा निकाली जाती है, जिसमें हर साल लाखों देशभक्त नागरिक शामिल होते हैं। यात्रा मार्ग में अनेकों जगह स्थानीय नागरिकों की ओर से मंचों के माध्यम से अभिनंदन किया जाता है ।
इस बार यात्रा की विशालता की देशभर में होगी चर्चा: रामेश्वर शर्मा
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह यात्रा हर साल अपनी भव्यता के कीर्तिमान रचती है। इस वर्ष की यात्रा इतनी विशाल होगी कि देशभर में इसकी चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस साल नागरिकों ने बढ़-चढ़कर यात्रा के लिए पंजीयन कराए हैं। नागरिकों का उत्साह बता रहा है कि इस वर्ष यात्रा ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाने वाली है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

