
भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न की जयंती पर इस बार मध्य प्रदेश विकास का बड़ा संदेश देने जा रहा है। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के मौके पर अटल जी के जन्मस्थान ग्वालियर में ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट’ का भव्य आयोजन होगा, जिसमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शिरकत करेंगे।
ग्वालियर के मेला ग्राउंड में राज्य स्तरीय आयोजन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सहभागिता और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 25 दिसंबर 2025 को ग्वालियर के मेला ग्राउंड में ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट’ का राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके विकासवादी विचारों, सुशासन की अवधारणा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को समर्पित रहेगा।
समिट में 1 लाख लोगों की सहभागिता
पूर्व प्रधानमंत्री की दूरदर्शी विकास दृष्टि से प्रेरित यह समिट ‘निवेश से रोजगार – अटल संकल्प, उज्ज्वल मध्य प्रदेश’ की थीम पर आधारित होगा। इस आयोजन में प्रदेश के औद्योगिक विस्तार, निवेश उपलब्धियों और रोजगार सृजन के बीते दो वर्षों के ठोस परिणामों को जनता के सामने रखा जाएगा। राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में लगभग एक लाख लाभार्थियों की सहभागिता अपेक्षित है।
2 लाख करोड़ की परियोजनाओं का भूमिपूजन
समिट के दौरान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट सहित विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश आयोजनों से प्राप्त दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों से जुड़ी परियोजनाओं का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके साथ ही दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन और आशय-पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।
रोजगार, युवा और महिला सशक्तिकरण पर फोकस
कार्यक्रम में औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से रोजगार पाने वाले युवाओं, सफल लाभार्थियों और महिला उद्यमियों द्वारा संचालित इकाइयों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास का स्पष्ट संदेश देना है।
औद्योगिक सुधार और नवाचार की झलक
औद्योगिक सुधारों के तहत विशेष औद्योगिक क्षेत्र का शुभारंभ, एक क्लिक प्रोत्साहन वितरण प्रणाली की शुरुआत, नए औद्योगिक क्लस्टर और प्लग-एंड-प्ले इकाइयों का उद्घाटन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।
दो सालों के विकास कार्यों की प्रदर्शनी
प्रदेश सरकार के पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक विस्तृत प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें औद्योगिक सुधार, नीतिगत नवाचार, निवेश प्रोत्साहन, अधोसंरचना विकास और रोजगार सृजन से जुड़े प्रयासों को दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। जिला स्तर पर औद्योगिक विकास की उपलब्धियां भी प्रदर्शनी में दिखाई जाएंगी।
अटल जी के योगदान पर विशेष स्मृति प्रदर्शनी
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर एक विशेष स्मृति प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें उनके दूरदर्शी नेतृत्व, आधारभूत संरचना विकास, औद्योगिक दृष्टि और सुशासन से जुड़े ऐतिहासिक योगदान को दर्शाया जाएगा। यह प्रदर्शनी अटल जी के विचारों से प्रेरित वर्तमान मध्य प्रदेश की औद्योगिक यात्रा को रेखांकित करेगी।
विभिन्न वर्गों की व्यापक सहभागिता
समिट में उद्योग जगत के प्रमुख निवेशक, औद्योगिक संघों के प्रतिनिधि, महिला और युवा उद्यमी, लाभार्थी समूह तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। अटल जयंती पर आयोजित यह राज्य स्तरीय आयोजन आत्मनिर्भर, समृद्ध और रोजगार-समृद्ध मध्य प्रदेश की दिशा में प्रदेश के विकास संकल्प को नई ऊर्जा देगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

