
ग्वालियर में 22 वर्षीय फोटोग्राफर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवक ने फंदा लगाकर जान देने से पहले सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने रिश्ते की एक भाभी से एकतरफा प्रेम का जिक्र करते हुए अपनी मौत की वजह बताई है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और परिजनों के साथ अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
गड्ढा वाला मोहल्ला में हुई घटना
मृतक की पहचान मोंटी मोरे (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सिकंदर कंपू के गड्ढा वाला मोहल्ला का रहने वाला था। वह पेशे से फोटोग्राफर था। गुरुवार शाम उसकी बहन पल्लवी ने कमरे में मोंटी को फंदे से लटका देखा। सूचना मिलने के बाद गिरवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सुसाइड नोट में प्रेम में नाकामी का जिक्र
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। नोट में मोंटी ने अपनी मां और बहन से माफी मांगते हुए लिखा कि वह उन्हें छोड़कर जा रहा है। उसने यह भी लिखा कि वह प्यार के बिना नहीं रह सकता और इसी वजह से जीवन समाप्त करने का फैसला कर रहा है।
रिश्ते की 42 वर्षीय भाभी का किया उल्लेख
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोंटी रिश्ते की 42 वर्षीय भाभी से एकतरफा प्रेम करता था। सुसाइड नोट में भी उसी महिला का जिक्र किया गया है। युवक ने लिखा कि वह उनसे बहुत प्यार करता है, लेकिन उन्हें नहीं पा सका। उसने यह भी लिखा कि उसकी मौत के लिए संबंधित महिला को कोई दोष न दिया जाए और उन्हें बता दिया जाए कि उसने प्रेम में जान दी है।
महिला ने प्रेम संबंध से किया इनकार
पुलिस के अनुसार, जिस 42 वर्षीय महिला का सुसाइड नोट में उल्लेख है, उन्होंने किसी भी प्रेम संबंध से इनकार किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस परिजनों के साथ-साथ संबंधित महिला से भी पूछताछ करेगी ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।
पुलिस क्या कर रही है?
सुसाइड नोट जब्त किया गया।
परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
संबंधित महिला से भी पूछताछ की जाएगी।
आत्महत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

