गुरुवार, 19 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल इन्वेस्टर मीट में 25 कंपनियों ने दिए 3600 करोड़ के प्रस्ताव, सिंधिया और मोहन यादव ने शुरू किया टेलीकॉम जोन का दूसरा चरण

19 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल इन्वेस्टर मीट में 25 कंपनियों ने दिए 3600 करोड़ के प्रस्ताव, सिंधिया और मोहन यादव ने शुरू किया टेलीकॉम जोन का दूसरा चरण
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के विस्तार के लिए ग्वालियर में बड़ा निवेश आने का रास्ता तैयार हो रहा है। भोपाल में आयोजित इन्वेस्टर मीट के दौरान 25 कंपनियों ने 3600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिनसे 15 हजार से ज्यादा रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को निवेश के आशय पत्र सौंपे। कार्यक्रम में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के दूसरे चरण की भी शुरुआत की गई।


450 एकड़ में तैयार होगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का दूसरा चरण

ग्वालियर में दूसरे चरण के तहत करीब 450 एकड़ जमीन पर औद्योगिक अधोसंरचना विकसित की जाएगी। पहले चरण में ग्वालियर आईटी पार्क और साडा क्षेत्र की 170 एकड़ भूमि पर विकास कार्य जारी है। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि पहले चरण के लिए करीब 5 हजार आवेदन मिले हैं। अब परियोजना के अगले चरण को आगे बढ़ाने की तैयारी है।


25 कंपनियों ने दिखाई निवेश में दिलचस्पी

भोपाल के होटल ताज लेकफ्रंट में गुरुवार को आयोजित इन्वेस्टर मीट में डिक्सन टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज, सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी और ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रिमोट का बटन दबाकर दूसरे चरण का शुभारंभ किया।


अधिकारियों के रवैये पर मुख्यमंत्री ने कही यह बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कामकाज में अधिकारियों की ओर से कई बार सवाल और अड़चनें सामने आती हैं, लेकिन सरकार ने उद्योग स्थापना को प्राथमिकता दी है। उनके मुताबिक सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल में 1000 दिन का काम पूरा कर चुकी है। इंडस्ट्रियल पार्क की नीति में बदलाव किया गया है, औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वालों के ठहरने की व्यवस्था और विमानन नीति में भी संशोधन किया गया है।


5G के विस्तार में भारत दुनिया के सबसे तेज देशों में शामिल: सिंधिया

सिंधिया ने प्रधानमंत्री के 12 साल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि देश में ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं की संख्या 102 करोड़, इंटरनेट कनेक्शन 110 करोड़ और 5G उपभोक्ता 50 करोड़ हो चुके हैं। 4G कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है और भारत में 5G नेटवर्क दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ रहा है।


ग्वालियर में जोन स्थापित होने के पीछे क्या रही वजह?

सिंधिया ने बताया कि टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए चार राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धा थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व के चलते यह परियोजना ग्वालियर को मिली। उन्होंने ग्वालियर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विरासत का उल्लेख किया। अपने पूर्वजों के योगदान की चर्चा करते हुए बताया कि करीब 150 साल पहले घनश्याम राव को प्रेरित कर जेसी मिल की स्थापना कराई गई थी। नागदा में ग्रासिम और सिम प्लांट की स्थापना का भी जिक्र किया। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि परेशानी आने पर वे स्वयं और मुख्यमंत्री मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे।


कंपनियों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे प्रशिक्षित कर्मचारी

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि कंपनियों की जरूरत के मुताबिक स्किल डेवलपमेंट कोर्स बनाए जाएंगे। उन्होंने निवेशक कंपनियों से दो-दो ट्रेनर उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि ITI और पॉलीटेक्निक संस्थानों में उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार किए जा सकें।


दिसंबर में नए स्वरूप में दिखेगा Ease of Doing Business पोर्टल

मुख्य सचिव ने बताया कि कारोबार को आसान बनाने के लिए प्रदेश में कानून बनाया गया है। इसका पोर्टल दिसंबर में नए स्वरूप में सामने आएगा और जनवरी से इसके परिणाम धरातल पर दिखने लगेंगे।


निवेशकों को जमीन से लेकर बिजली तक में मिलेगी छूट

सरकार की प्रोत्साहन सुविधाओं में 1 रुपये प्रीमियम पर भूमि, 50 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान, स्टांप ड्यूटी की 100 प्रतिशत प्रतिपूर्ति और शुरुआती पांच वर्षों तक बिजली दर में 2 रुपये प्रति यूनिट की छूट शामिल है। सरकार को उम्मीद है कि इन सुविधाओं से ग्वालियर में निवेश और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें