
भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर सीरीज में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। 118 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 15.5 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। इससे पहले साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 117 रन पर सिमट गई थी।
टॉप रिकॉर्ड और बड़े मोमेंट्स
हार्दिक पंड्या ने रचा इतिहास
धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा इतिहास रच दिया। वे 1000 से ज्यादा रन और 100 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। हार्दिक के नाम अब टी-20 इंटरनेशनल में 1939 रन और 100 विकेट हो चुके हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी और सिकंदर रजा जैसे विदेशी ऑलराउंडर्स ने हासिल की थी। हार्दिक इस क्लब में शामिल होने वाले पहले फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर भी हैं। इसके साथ ही वे टी-20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने। उनसे पहले यह कारनामा अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह कर चुके हैं।
शुभमन गिल बने साल 2025 के टॉप स्कोरर
भारतीय ओपनर शुभमन गिल ने 28 रन की पारी खेली और एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वे साल 2025 में तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी-20) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गिल के नाम अब कुल 1764 रन हो गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के शाई होप (1753 रन) को पीछे छोड़ा। गिल ने यह मुकाम भारतीय पारी के चौथे ओवर में मार्को यानसन की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर हासिल किया।
अभिषेक शर्मा का तीसरी बार पहली गेंद पर छक्का
अभिषेक शर्मा ने टी-20 इंटरनेशनल में तीसरी बार पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। इसके साथ ही वे ऐसा करने वाले इकलौते भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
इससे पहले रोहित शर्मा, संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल यह कारनामा एक-एक बार कर चुके हैं।
वरुण चक्रवर्ती के 30 पारियों में 50 विकेट पूरे
वरुण चक्रवर्ती भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल में दूसरे सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 30 पारियों में हासिल की। इस मामले में उनसे आगे केवल कुलदीप यादव हैं, जिन्होंने 29 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया था। गेंदों के लिहाज से भी वरुण का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 672 गेंदों में 50 विकेट पूरे कर लिए, जिससे उन्होंने इमरान ताहिर (681 गेंद) और राशिद खान (685 गेंद) को पीछे छोड़ दिया।
अर्शदीप सिंह का पावरप्ले में नया रिकॉर्ड
अर्शदीप सिंह टी-20 इंटरनेशनल के पावरप्ले ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। शुरुआती 6 ओवरों में उनके नाम अब 48 विकेट हो गए हैं।
इस रिकॉर्ड में उन्होंने भुवनेश्वर कुमार (47 विकेट) को पीछे छोड़ा। जसप्रीत बुमराह 33 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
क्विंटन डी कॉक 9वीं बार डक पर आउट
साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक टी-20 इंटरनेशनल में नौवीं बार शून्य पर आउट हुए। वे इस मामले में साउथ अफ्रीका के सबसे आगे हैं। उनके बाद एंडिले फेहलुकवायो और रीजा हेंड्रिक्स 7-7 बार डक पर आउट हो चुके हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

