
भोपाल। मध्यप्रदेश में अब मौसम तेजी से करवट लेता नजर आ रहा है। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते गर्मी का अहसास होने लगा है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश का पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय तीखी धूप और चुभन महसूस की जा रही है।मंगलवार को भोपाल, इंदौर, खजुराहो, दमोह, मंडला और सागर समेत 15 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। नर्मदापुरम में दिन का तापमान 33 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण लोग दिन में बेचैन नजर आए। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम दिखाई दी। प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान अभी भी 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।अगर पांच बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री, इंदौर में 11.4 डिग्री, उज्जैन में 13 डिग्री, जबलपुर में 12.1 डिग्री और ग्वालियर में 11.8 डिग्री दर्ज किया गया।
रात में ठंड का असर बरकरार
मध्यप्रदेश में दिन के समय गर्मी बढ़ रही है, लेकिन रात में अब भी ठंड का असर बरकरार है। मंगलवार को शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से तापमान में यह बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, अगले दो दिनों में मौसम फिर बदलने की संभावना है। सिस्टम के गुजरने के बाद बर्फ पिघलने और उत्तरी हवाओं के असर से ठंडक बढ़ेगी। इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। प्रदेशवासियों को फिलहाल दिन में गर्मी और रात में ठंड—दोनों का सामना करना पड़ रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

