
भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। जुलाई के दूसरे पखवाड़े से हर दिन किसी न किसी जिले में बारिश हो रही है। हालांकि जुलाई का महीना खत्म होने को है लेकिन अभी भी प्रदेश में सामान्य से कम बारिश ही हुई है।दरअसल 24 जून को मानसून की एंट्री होने के बाद कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई थी लेकिन उसके बाद 15-20 दिन का ब्रेक लगने से बारिश के आंकड़े कम होते गए और मानसून रूठा नजर आया। जुलाई के दूसरे पखवाड़े में फिर से बारिश होने से अब आंकड़ों में सुधार हुआ है।प्रदेश में अब तक सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल,पचमढ़ी, रतलाम और बालाघाट सहित कई जिलों में हल्की और मध्यम बारिश हुई है वहीं मौसम विभाग ने आज नर्मदापुरम,धार,देवास, हरदा,बुरहानपुर,बड़वानी,उज्जैन, शाजापुर,खरगोन,खंडवा,रायसेन,सागर,बैतूल सहित 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। यहां अगले 24 घंटों में 4 इंच से ज्यादा पानी गिर सकता है।
प्रदेश में एक साथ 3 सिस्टम एक्टिव
मध्यप्रदेश में एक साथ बारिश के 3 सिस्टम एक्टिव हैं जिसके चलते अगले 4 दिन तक भारी बारिश होने की संभावना है। मानसून ट्रफ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और शेयर जोन के चलते यह स्थिति बनी हुई है जिसका असर खासतौर से मालवा- निमाड़ पर दिखाई देगा। हालांकि इस दौरान प्रदेश के बाकी जिलों में भी हल्की और मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा जिससे बारिश के आंकड़ों में सुधार होने की उम्मीद है। अब तक प्रदेश के भोपाल,इंदौर, सीहोर,देवास,मंदसौर,भिंड, बुरहानपुर और राजगढ़ में जहां औसत से अच्छी बारिश दर्ज की गई है वहीं अनुपपुर, बालाघाट,छतरपुर,डिंडौरी,छिंदवाड़ा,दमोह,जबलपुर,कटनी,मैहर,मंडला,मऊगंज,नरसिंहपुर,निवाड़ी,पन्ना,रीवा,सागर,सतना,सिवनी,पांढुर्णा,सीधी,सिंगरौली,टीकमगढ़,उमरिया,शहडोल,अशोकनगर,बड़वानी,बैतूल,दतिया,धार,गुना,ग्वालियर,दतिया सहित 47 जिलों में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

