
भोपाल। महानगर मेला उत्सव समिति की ओर से टीटी नगर के दशहरा मैदान आयोजित नववर्ष मेला महोत्सव में रविवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। ओपन माइक कार्यक्रम का मंच मिला तो एक से बढ़कर एक छिपी प्रतिभाएं सामने आईं। किसी ने काव्य पाठ तो किसी ने गीत और गजल गाकर अपना जलवा बिखेरा।
ओपन माइक कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने प्रतिभाग किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालिकाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने तबला वादन और नृत्य की प्रस्तुतियां भी दीं। दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर लुत्फ उठाया। तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम सभी वर्ग के लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं, जिससे उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को नई दिशा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे, जिससे पूरे मेला परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर महानगर मेला उत्सव समिति, भोपाल के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता, मेला संयोजक कैलाश मिश्रा, महासचिव अजय अग्रवाल, सह संयोजक वैभव सिंह सिसोदिया सहित आयोजन समिति के सभी गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
शहीदी दिवस पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति होगी
समिति के सदस्यों के मुताबिक 23 मार्च को शहीदी दिवस के अवसर पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। वहीं, 24 मार्च को नवरात्रि विशेष धार्मिक नृत्य नाटिका का आयोजन किया जाएगा। महानगर मेला उत्सव समिति, भोपाल ने सभी प्रतिभागियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों में भी इसी प्रकार सहभागिता बनाए रखने की अपील की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

