
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित ग्वालियर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। 25 दिसंबर को होने वाली इस वीआईपी विजिट के दौरान शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि, केंद्रीय गृहमंत्रालय से अभी औपचारिक कार्यक्रम जारी होना बाकी है, लेकिन प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
एयरबेस से मेला मैदान तक कड़ी सुरक्षा
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर एयरबेस पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। एयरबेस से कार्यक्रम स्थल तक पूरे मार्ग पर जमीन से लेकर हाइराइज इमारतों तक सुरक्षा निगरानी की जाएगी। गृहमंत्री के आगमन से पहले शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यह रहेगा वीआईपी रूट
एयरबेस से निकलने के बाद वीआईपी काफिला इन मार्गों से गुजरेगा—
एयरपोर्ट तिराहा → दीनदयालनगर → पिंटो पार्क → गोला का मंदिर → दूध डेयरी → भाऊसाहब पोतनीस एनक्लेव के सामने से होते हुए मेला मैदान।
यहां से डायवर्ट होगा यातायात
भिंड रोड: गृहमंत्री के आगमन से पहले यातायात रोका जाएगा।
भिंड से ग्वालियर आने वाले वाहन बरेठा चौकी, बड़ागांव और हुरावली मार्ग से शहर में प्रवेश करेंगे।
मुरैना से आने वाला यातायात: चार शहर का नाका से शहर में प्रवेश करेगा और वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
मुरार से भिंड जाने वाले वाहन: सात नंबर चौराहा और बरेठा चौकी मार्ग का उपयोग करेंगे।
वीआईपी विजिट के दौरान प्रतिबंध: गोला का मंदिर चौराहा, सात नंबर चौराहा और सूर्य नमस्कार तिराहा से मेला मैदान की ओर जाने वाले मार्ग पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सीएम विजिट की भी तैयारी, बदली ट्रैफिक व्यवस्था
शहर में तानसेन समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को ग्वालियर आ सकते हैं। उनके संभावित प्रवास को देखते हुए भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान भी भारी वाहनों की शहर में एंट्री बंद रहेगी।
सीएम दौरे के दौरान ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग
रेलवे स्टेशन से हजीरा: तानसेन रोड → नया आरओबी → रेसकोर्स रोड → गोला का मंदिर।
पुरानी छावनी से रेलवे स्टेशन: संजयनगर पुल → बिरलानगर → रेलवे स्टेशन।
चार शहर का नाका से हजीरा: घोड़ा चौक होकर।
घासमंडी/किलागेट से हजीरा: सेवानगर → रमटापुरा पुल → तानसेन नगर → लोको।
सेवानगर/किलागेट से हजीरा से मल्लगढ़ा: किलागेट → बाबा कपूर → काशीनरेश की गली → सागरताल।
प्रशासन की अपील
प्रशासन और यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से वीआईपी रूट पर जाने से बचें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

