
भोपाल। उपमुख्यमंत्री व शहडोल के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जिले में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित निर्माणाधीन विकास कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समय-सीमा में पूरा किया जाए। शासन से स्वीकृत विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करना जरूरी है। उन्होंने जर्जर शासकीय विद्यालयों को चिन्हित कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शहडोल के बाणसागर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में कहा कि विकास कार्यों के पूरा होने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने शहडोल- उमरिया मार्ग, ब्यौहारी के विजयसोता पूल निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल- उमरिया मार्ग, ब्यौहारी के विजयसोता पूल, भन्नी सिंचाई परियोजना जैसे अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कलेक्टर समय-सीमा की बैठक में अनिवार्य रूप से करें। जल्द से जल्द पूरा कर आमजन को उन सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज और शहडोल जिले में निर्माणाधीन हेल्थ सेंटरों को जल्द पूरा कर जनप्रतिनिधियों की ओर से शुभारंभ कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए की शहडोल जिले में संचालित शासकीय विद्यालय जो जर्जर हैं उन्हें सूचीबद्ध कर उनका मरम्मत कराना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर को दिए शराब की दुकान हटाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जनहित में जनपद पंचायत कार्यालय ब्यौहारी के सामने संचालित शराब की दुकान हटाने के निर्देश कलेक्टर को दिए। बैठक में मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया, भू अर्जन कार्य में प्रगति, टेटका - शहडोल मार्ग की प्रगति, जयसिंहनगर बाईपास, ब्यौहारी -सपटा मार्ग, जल जीवन मिशन के कार्य, प्रगतिरत कटनी से सिंगरौली डबल रेलवे लाइन के कार्य सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर जरूरी दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
विकास कार्यों के लिए सुझाव भी दिए गए
बैठक में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों की ओर से विकास कार्यों के लिए अपने सुझाव भी दिए। बैठक में सांसद संसदीय क्षेत्र सीधी डॉ.राजेश मिश्रा, विधायक जयसिंह मरावी, शरद कोल,श्रीमती मनीषा सिंह, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति सहित अन्य जन प्रतिनिधि, अधिकारी एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

