
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में हलचल तेज है। विधानसभा सत्र करीब आते ही सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने सोमवार को मंत्रियों के साथ बैठक कर सत्र की रणनीति पर चर्चा की और विपक्ष को स्पष्ट संदेश दिया— “अगर विपक्ष झूठ बोले तो विकास का आईना दिखाना।” सीएम ने कहा कि सरकार हर वर्ग के हित में काम कर रही है और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग जैसे क्षेत्रों में नए कीर्तिमान रच रही है।
विधानसभा सत्र पर रणनीति तैयार
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों से कहा कि विधानसभा सत्र में विपक्ष कई मुद्दों पर भ्रम फैलाने की कोशिश करेगा, लेकिन मंत्री अपने-अपने विभागों के विकास कार्यों को सामने रखें। सीएम ने कहा, “सरकार का हर फैसला जनता के हित में है, हमें जवाब तथ्यों और उपलब्धियों से देना है।”
जनजातीय गौरव दिवस पर दो राज्यस्तरीय कार्यक्रम
सीएम मोहन यादव ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पखवाड़े से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जबलपुर और आलीराजपुर में राज्यस्तरीय आयोजन होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जबलपुर के कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
13 नवंबर को किसानों को मिलेगी भावांतर राशि
सीएम ने बताया कि भावांतर योजना के तहत अब रोजाना मॉडल रेट तय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो किसान अब तक अपनी उपज बेच चुके हैं, उन्हें सोयाबीन के मॉडल रेट और समर्थन मूल्य के अंतर की राशि 13 नवंबर को देवास से दी जाएगी।”
बिजली उपभोक्ताओं के लिए समाधान योजना
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि समाधान योजना का लाभ हर उपभोक्ता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमने बिजली उपभोक्ताओं की राहत के लिए योजना शुरू की है, अब इसका फायदा वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचना जरूरी है।”
वर्ल्डकप विजेता क्रांति गौड़ को 1 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्डकप विजेता खिलाड़ी क्रांति गौड़ को सरकार 1 करोड़ रुपए का सम्मान देगी। यह सम्मान जबलपुर में जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर दिया जाएगा।
नक्सल नियंत्रण पर सख्त निर्देश
सीएम ने बताया कि हाल ही में 14 लाख रुपए की इनामी नक्सली सुनीता ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक नक्सल समस्या पर पूर्ण नियंत्रण पाने का लक्ष्य है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को लगाई फटकार
जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के आयोजन को लेकर कई जिलों में शिकायतें मिलने पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सोमवार को मंत्रालय में बैठक ली। उन्होंने जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों से सख्ती से पूछा, “कार्यक्रम किए हैं तो दिख क्यों नहीं रहे?” जवाब न मिलने पर कई अफसर चुप रह गए। सीएस ने निर्देश दिए कि हर जिले, विकासखंड और ग्राम पंचायत में गौरव दिवस मनाया जाए। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय नायकों के सम्मान में कार्यक्रम, योजनाओं की प्रदर्शनी और विद्यार्थियों व कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

