सोमवार, 27 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

खंडवा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश, कांग्रेस नेता के ठिकाने से 2 टन बारूद बरामद

27 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
खंडवा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश, कांग्रेस नेता के ठिकाने से 2 टन बारूद बरामद

खंडवा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश, कांग्रेस नेता के ठिकाने से 2 टन बारूद बरामद

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

खंडवा में पुलिस ने समय रहते एक बड़े हादसे को टाल दिया। शहर के बाहर सम्यक गोल्ड कॉलोनी में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है, जहां से करीब दो टन बारूद, सल्फर और केमिकल बरामद किए गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस फैक्ट्री को चलाने वाला व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ा नेता बताया जा रहा है।


क्लब हाउस की छत पर चल रही थी फैक्ट्री

एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध फैक्ट्री कॉलोनी के क्लब हाउस की छत पर चल रही थी। मुख्य आरोपी प्रोफेसर इमरान परयानी, जो पहले यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रह चुके हैं, इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।


खंडहर कॉलोनी बनी अपराध का अड्डा

एसपी राय के मुताबिक, यह कॉलोनी करीब 15 साल पहले पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट की जमीन पर विकसित की गई थी। उस समय इसे हाईटेक प्रोजेक्ट बताया गया था, लेकिन आज यह पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो चुकी है। यहां तक कि कॉलोनी में बिजली लाइन भी नहीं है। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर यहां विस्फोटक सामग्री जमा कर पटाखे बनाए जा रहे थे।


पिकअप में लोड किया जा रहा था बारूद

मुखबिर की सूचना पर कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य और उनकी टीम ने मौके पर दबिश दी। क्लब हाउस के पास खड़े एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में सुतली बम, बारूद, सल्फर और अन्य केमिकल लोड किए जा रहे थे।


जमीन और वाहन से जुड़े बड़े नाम

पुलिस ने बताया कि जिस जमीन पर यह कॉलोनी बनी है, वह पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट के बेटे यशवंत सिलावट के नाम दर्ज है। मौके से एक स्कूटी भी बरामद हुई है, जो आरोपी इमरान परयानी की बताई जा रही है।


15 दिन पहले आया था कच्चा माल

टीआई प्रवीण आर्य ने बताया कि फैक्ट्री में मिले बैग और कपड़ों से साफ है कि यहां 5 से 6 मजदूर काम कर रहे थे। ड्राइवर से पूछताछ में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले कच्चा माल लाया गया था और पिछले 5–6 दिनों से पटाखे बनाए जा रहे थे।


केस दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

कोतवाली थाने में विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को 10 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें