
भोपाल। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर चल रहे महाअभियान के ग्वालियर के वार्ड नंबर 5, आनंद नगर स्थित बड़ा पार्क माता मंदिर परिसर में गुरुवार को रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार सुबह स्थानीय निवासियों के साथ संवाद किया। पार्क और मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। मंत्री ने कहा लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उनकी बात सुनना जनसेवक का सबसे बड़ा दायित्व है।
गुरुवार शाम जन चौपाल के जरिए स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया। नागरिकों ने जनसुविधा से जुड़े कई मुद्दे उठाए, जिन पर ऊर्जा मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सकारात्मक पहल और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने संकल्प लिया कि क्षेत्र के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की समस्याओं का समाधान किया जाएगा और हर गली-मोहल्ले तक विकास पहुंचाया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी हर जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया
ऊर्जा मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने संगठन के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल होकर शुक्रवार को पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरूआत देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को पर्यावरण से जोड़ना और व्यक्तिगत स्तर पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम' अभियान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए शुरू किया गया एक राष्ट्रव्यापी पौधरोपण अभियान है। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने बड़ा पार्क आनंद नगर में क्रिकेट भी खेला।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

