
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विजयादशमी के पावन अवसर पर बैतूल के रक्षित केंद्र में विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सनातन परंपरा में शस्त्र पूजन के महत्व को रेखांकित किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सनातन परंपरा में शस्त्र पूजन धर्म की रक्षा, न्याय की स्थापना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का प्रतीक है। यह परंपरा शक्ति के साथ दायित्व, साहस के साथ मर्यादा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण जैसे शाश्वत मूल्यों को अभिव्यक्त करती है। कार्यक्रम में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगाबाई उईके, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
यह पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म विजय का प्रतीक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने ‘x’ पर साझा किए गए पोस्ट में प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए लिखा है कि यह पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श सभी को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देते हैं। हेमंत खंडेलवाल ने मंगलकामना की कि भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सद्भाव का संचार करे। साथ ही मध्यप्रदेश सहित संपूर्ण देश निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

