
भिंड से सामने आया यह मामला पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है। भिक्षा मांग रहे दो साधुओं को कुछ युवकों ने सड़क पर रोककर पहले उनकी पहचान पर सवाल उठाए और फिर बेरहमी से पीट डाला। महाभारत और रामायण से जुड़े सवाल पूछे गए, जवाब नहीं मिला तो मारपीट शुरू हो गई। इस शर्मनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब पुलिस भी हरकत में आ गई है।
बायपास पर रोके गए साधु, शुरू हुई ‘धार्मिक पूछताछ’
यह घटना भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र की है। बायपास पर निरंजन वाटिका सुभाष तिराहा के पास कुछ युवकों ने दो साधुओं को पकड़ लिया। युवकों ने उनसे खुद को ब्राह्मण साबित करने को कहा और महाभारत के किरदारों व रामायण की चौपाइयों के बारे में सवाल दागने लगे।
भगवान शिव की पत्नी और लक्ष्मण की पत्नी का नाम पूछा
जब साधु सवालों का सही जवाब नहीं दे पाए, तो युवकों ने उनसे भगवान शिव की पत्नी और लक्ष्मण जी की पत्नी का नाम पूछा। नाम न बता पाने पर दोनों साधुओं की सरेआम पिटाई कर दी गई।
उर्दू में मिले दस्तावेज, भड़क उठे युवक
वीडियो में दिख रहा है कि साधुओं के बैग से जो भी कागजात मिले, वे उर्दू भाषा में थे। इसे देखकर युवक और ज्यादा भड़क गए। एक युवक वीडियो में साफ कहता सुनाई देता है— “तुम हिंदू नहीं हो।” युवकों का आरोप था कि भगवा कपड़े पहनकर ये लोग सनातन धर्म का मजाक बना रहे हैं।
वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि साधु कौन थे, कहां से आए थे और मारपीट करने वाले युवक कौन हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

