
देहरादून। आस्था, योग और संस्कार—तीनों का सुंदर संगम बुधवार को हरिद्वार में देखने को मिला, जब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पतंजलि योगपीठ पहुंचे। यहां कन्या गुरुकुल में हवन में भाग लेने के साथ ही उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव के साथ योग भी किया। दोनों की एक साथ योग करते हुए तस्वीरें सामने आईं, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
पतंजलि योगपीठ में आत्मीय भेंट और हवन
मुख्यमंत्री बुधवार को हरिद्वार पहुंचे और पतंजलि योगपीठ के कन्या गुरुकुल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बाबा रामदेव समेत पतंजलि परिवार से जुड़े पदाधिकारियों से मुलाकात की और वैदिक परंपरा के अनुसार आयोजित हवन में सहभागिता की।
सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा की। उन्होंने लिखा— “पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार में प्रसिद्ध योग गुरु स्वामी रामदेव जी से आत्मीय भेंट हुई। इस अवसर पर स्वागत के लिए पतंजलि परिवार के सभी सदस्यों का हृदय से आभार।” उनके इस संदेश को लोगों ने खूब सराहा।
सीएम का आज का पूरा शेड्यूल
मुख्यमंत्री इन दिनों उत्तराखंड प्रवास पर हैं। कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार सुबह 11 बजे हरिद्वार में स्थानीय आयोजन में शामिल होने के बाद वे देहरादून रवाना होंगे। दोपहर 3 बजे देहरादून से दिल्ली पहुंचकर वहां स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। दिल्ली के बाद मुख्यमंत्री गाजियाबाद जाएंगे, जहां शाम करीब साढ़े 6 बजे वसुंधरा क्षेत्र में एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रात 10 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होकर रात 11 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

