
भोपाल। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश में संचालित अधोसंरचना विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए अधोसंरचना विकास कार्य महत्वपूर्ण हैं। विभागीय अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित कर समय सीमा में कार्य पूरे किए जाएं।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निर्देश दिया कि निर्माण एजेंसियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। उपमुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज इंदौर में चल रहे सुदृढ़ीकरण और उन्नयन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय पन्ना, सतना व सीधी में संचालित कार्यों की प्रगति भी पूछी। संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज बुधनी, मंडला और छतरपुर में आवश्यक फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संसाधनों की समय पर उपलब्धता से स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी। उनका संचालन समय सीमा में शुरू हो सकेगा।
बैठक में आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस., एमडी एमपीबीडीसी और निर्माण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

