
भोपाल। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे सूखे तालाब में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार और अंधेरा बना हादसे की वजह
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक गैरतगंज से जाफरखेड़ी में दशरथ सिंह के यहां बारात पहुंच रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। रात का अंधेरा और तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार करीब 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी।
तीन लोगों की मौके पर मौत, कई की हालत गंभीर
हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की जान चली गई। वहीं सात घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें भावसिंह लोधी (45), 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी और एक अन्य घायल की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें पहले विदिशा मेडिकल कॉलेज और बाद में बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया।
घायलों में बच्चों और युवाओं को भी आई गंभीर चोटें
अन्य घायलों में अशोक लोधी (25) का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि 14 वर्षीय राज बोधी के पेट में गहरी चोट बताई जा रही है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं। सभी का इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, शादी घर से एक किमी दूर हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा शादी वाले घर से करीब एक किलोमीटर पहले हुआ। जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

