
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा और भारतीय टीम की नजरें जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करने पर होंगी।
इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा जसप्रीत बुमराह की वापसी है, जो 968 दिन बाद वनडे क्रिकेट खेलेंगे। उनके साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे टीम में वापसी कर रहे हैं।
भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड पर भारी
वनडे क्रिकेट में भारत का प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 110 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 61 जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को 44 मैचों में सफलता मिली। 2 मुकाबले टाई रहे और 3 मैच बेनतीजा समाप्त हुए। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले पांच वनडे मुकाबले भी लगातार जीते हैं।
2027 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से अहम सीरीज
भारत के लिए यह सीरीज भविष्य की योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अब करीब 15 महीने का समय बचा है। टीम हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज 0-4 से हार चुकी है। इससे पहले भारत को आयरलैंड के खिलाफ भी सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।
शुभमन गिल ने विराट को लेकर क्या कहा?
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली टीम की 2027 वनडे वर्ल्ड कप योजना का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि विराट के साथ टीम संयोजन और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई है। गिल के मुताबिक, रोहित शर्मा और विराट कोहली का अनुभव भारतीय टीम के लिए बड़ी ताकत रहेगा।
गेंदबाजी में बुमराह की जिम्मेदारी
जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। मोहम्मद सिराज इस सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऑलराउंडर स्थान के लिए शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर के बीच प्रतिस्पर्धा है। चोटिल हर्षित राणा की जगह प्रसिद्ध कृष्णा या गुरनूर बरार को मौका मिल सकता है।
इंग्लैंड की नजर टी-20 वाली लय बरकरार रखने पर
इंग्लैंड ने हाल ही में भारत को टी-20 सीरीज में 4-0 से हराया था और अब वह उसी प्रदर्शन को वनडे में भी दोहराना चाहेगा। फिर भी पिछले डेढ़ साल में उसका वनडे रिकॉर्ड उतना प्रभावशाली नहीं रहा है। 2024 के बाद टीम 7 में से 5 द्विपक्षीय वनडे सीरीज हार चुकी है। पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी में भी इंग्लैंड जीत का खाता नहीं खोल सका था।
जो रूट की शानदार फॉर्म
इंग्लैंड के लिए राहत की बात जो रूट का लगातार अच्छा प्रदर्शन है। 2024 के बाद वनडे में 65.93 की औसत से 1055 रन बनाए। श्रीलंका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में 247 रन बनाए।
रोहित और विराट से बड़ी उम्मीदें
इस दौरे पर यह रोहित शर्मा और विराट कोहली की आखिरी वनडे सीरीज भी हो सकती है।
इंग्लैंड में रोहित के नाम 7 वनडे शतक
इंग्लैंड में उनका औसत 64.9
एजबेस्टन में औसत 89.4
विराट ने अपनी पिछली 7 वनडे पारियों में 6 बार 50+ स्कोर बनाया है।
IPL 2026 में विराट ने 16 मैचों में 675 रन बनाए थे।
एजबेस्टन में इंग्लैंड का रिकॉर्ड
एजबेस्टन को इंग्लैंड का मजबूत घरेलू मैदान माना जाता है। टीम यहां 2015 से लगातार 7 वनडे मुकाबले जीत चुकी है।
पिच और मौसम रिपोर्ट
एजबेस्टन की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की संभावना है। गेंद पुरानी होने के बाद बल्लेबाजी आसान हो जाती है। मुकाबले के पहले 10 ओवर निर्णायक साबित हो सकते हैं। मौसम साफ रहने का अनुमान है और बारिश की संभावना नहीं है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे / वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा / गुरनूर बरार
इंग्लैंड (घोषित प्लेइंग-XI)
बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल रशीद
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

