
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल अब टेक्नोलॉजी की दुनिया में नई पहचान बनाने जा रही है। भोपाल के भौंरी क्षेत्र में 3700 एकड़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिटी विकसित की जाएगी, जिसे भारत की सबसे बेहतरीन AI सिटी बताया जा रहा है। यहां रिसर्च, स्टार्टअप्स, इंडस्ट्री और ग्लोबल यूनिवर्सिटीज का एक ऐसा इंटीग्रेटेड इकोसिस्टम बनेगा, जो देश को टेक्नोलॉजी के नए युग में आगे ले जाएगा।
रिसर्च से स्टार्टअप तक, सब एक ही कैंपस में
प्रस्तावित AI सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ा संपूर्ण इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। रिसर्च सेंटर, इनोवेशन हब, स्टार्टअप्स, इंडस्ट्री पार्टनर और अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय एक ही प्लेटफॉर्म पर काम करेंगे। इस मेगा प्रोजेक्ट का पूरा रोडमैप इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च तैयार करेगा।
20 से ज्यादा ग्लोबल एजेंसियों ने दिखाई रुचि
AI सिटी के डेवलपमेंट को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 20 से अधिक ग्लोबल एजेंसियों ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) दाखिल किया है। अधिकारियों के अनुसार, इस महीने के अंत तक डेवलपमेंट एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर की बैठक, IISER को सौंपी जिम्मेदारी
नॉलेज और AI सिटी के रोडमैप को लेकर आज राष्ट्रीय स्तर की अहम बैठक आयोजित की गई है। नगरीय प्रशासन विभाग ने IISER को एक्शन प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि यह प्रोजेक्ट वैश्विक मानकों पर खरा उतर सके।
8 सदस्यीय कोर कमेटी करेगी मास्टर प्लान तैयार
प्रोजेक्ट की निगरानी और प्लानिंग के लिए 8 सदस्यीय कोर कमेटी बनाई गई है। इस बैठक में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित केंद्रीय संस्थानों के निदेशक, कुलपति और प्राचार्य शामिल होंगे।
यह कमेटी AI सिटी का मास्टर प्लान तैयार करेगी, जिसमें ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित कैंपस डिजाइन, बड़े पैमाने पर ग्रीन जोन और ओपन स्पेस, ईवी, सीएनजी और हाइड्रोजन आधारित स्मार्ट ट्रांसपोर्ट और PPP मॉडल, जॉइंट वेंचर और इंटीग्रेटेड पार्टनरशिप जैसे अहम बिंदुओं को शामिल किया जाएगा।
भोपाल बनेगा टेक्नोलॉजी और इनोवेशन का नया हब
AI सिटी के बनने से भोपाल न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रिसर्च और इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। इससे युवाओं को रोजगार, स्टार्टअप्स को अवसर और प्रदेश को वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

