शनिवार, 28 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

India vs China Final: भोपाल में आज भारत-चीन की खिताबी भिड़ंत, चौथी बार चैंपियन बनने उतरेगी भारतीय टीम

28 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
India vs China Final: भोपाल में आज भारत-चीन की खिताबी भिड़ंत, चौथी बार चैंपियन बनने उतरेगी भारतीय टीम
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने आज इतिहास रचने का बड़ा मौका है। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के फाइनल में भारत और चीन के बीच शाम 7 बजे मुकाबला होगा। जीत के साथ भारतीय टीम चौथी बार एशियाई चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉकी स्टेडियम में खिताब के लिए दोनों टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा। भारत की जीत उसे टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बना सकती है।


सेमीफाइनल में भारत और चीन ने दिखाया दम

फाइनल तक पहुंचने के लिए दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीते हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने मलेशिया के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाते हुए 6-2 से जीत दर्ज की। चीन की टीम ने भी फाइनल का टिकट पक्का किया। उसने जापान को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।


चौथी ट्रॉफी के साथ भारत के पास इतिहास बनाने का मौका

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार 2016 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद 2023 और 2024 में लगातार दो संस्करणों में खिताब जीतकर अपनी मजबूत स्थिति कायम की। अब तक भारत और दक्षिण कोरिया दोनों ने 3-3 बार यह ट्रॉफी जीती है। चीन के खिलाफ जीत भारत को चौथा खिताब दिलाएगी और उसे प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बना देगी।


लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने पर भी नजर

भारतीय टीम के लिए यह फाइनल सिर्फ एक और खिताबी मुकाबला नहीं है। वर्ष 2023 और 2024 में लगातार विजेता बनने के बाद टीम के पास 2026 में भी ट्रॉफी जीतकर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का अवसर है।इस उपलब्धि के साथ भारत महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी बादशाहत और मजबूत कर सकता है।


गोल करने में सभी टीमों से आगे भारत

पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का आक्रमण सबसे प्रभावी रहा है। गोल करने के आंकड़ों में भारत ने बाकी सभी टीमों को पीछे छोड़ दिया है। अब तक भारत के खाते में 29 गोल दर्ज हैं, जबकि चीन की टीम 14 गोल के साथ दूसरे स्थान पर है। भारतीय टीम के कुल गोल में पेनल्टी कॉर्नर की अहम भूमिका रही है। भारत ने अपने 29 में से 19 गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किए हैं।


अब देखना होगा कि भोपाल में होने वाले फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम अपने इस प्रदर्शन को खिताबी जीत में बदल पाती है या नहीं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें