
इंदौर। मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नवलखा इलाके में खड़ी यात्री बसों में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते 5 बसों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
एक बस से शुरू हुई आग, 5 बसें जलकर खाक
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन इमली के पास खड़ी एक बस में सुबह मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान बस में वेल्डिंग की जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से बस में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास खड़ी दूसरी बसों तक फैल गई। देखते ही देखते कुल 5 बसें आग की चपेट में आ गईं।
धमाकों की आवाज से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान लगातार 4 तेज धमाके भी सुनाई दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि आवाज गैस सिलेंडर फटने जैसी थी। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक धमाकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन धमाकों के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मौके पर खड़ी थीं 20 से ज्यादा बसें
हादसे के समय पार्किंग स्थल पर 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग फैलते ही कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बाकी बसों को वहां से हटाने की कोशिश शुरू कर दी। अगर समय रहते बसें नहीं हटाई जातीं तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। आसपास रिहायशी इलाका होने के कारण लोग काफी देर तक सहमे रहे।
एक घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल किसी जनहानि की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन बसों को भारी नुकसान पहुंचा है। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
रिहायशी इलाके में बस पार्किंग पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वार्ड पार्षद मनीष शर्मा ने कहा कि रिहायशी इलाके में बसों की पार्किंग और रिपेयरिंग को लेकर पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते व्यवस्था नहीं बदली गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

