
नया साल बस आने ही वाला है और पूरी दुनिया की तरह इंदौर भी जश्न के मूड में डूबा है। शहर के कोने-कोने में पार्टी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। होटल, रेस्टोरेंट, पब और क्लब सब अपने-अपने अंदाज में लोगों को लुभाने में जुटे हैं। करीब 100 से ज्यादा जगहों पर न्यू ईयर पार्टी का आयोजन होगा और लगभग 150 डीजे लोगों को थिरकाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मगर इसी बीच पुलिस और आबकारी विभाग ने भी साफ संदेश दे दिया है – जश्न मनाइए, लेकिन नियम तोड़े तो सीधे “खास मेहमान” बना दिए जाएंगे।
1000 से 30 हजार तक के पैकेज, हर वर्ग के लिए पार्टी
31 दिसंबर की रात को खास बनाने के लिए इंदौर में इस बार पार्टी पैकेज भी लोगों की जेब के हिसाब से रखे गए हैं। छोटे क्लब और पब में जहां 1000 से 2000 रुपये में एंट्री मिल जाएगी, वहीं बड़े होटलों में यह पैकेज 20 हजार से 30 हजार रुपये तक जा रहा है। एफ बार (फैशन टीवी) की संचालक संस्तुति मिश्रा बताती हैं कि इस बार दाम इस तरह तय किए गए हैं कि हर व्यक्ति अपने बजट के हिसाब से पार्टी कर सके। वहीं शेफ ललित नागर का कहना है कि इंदौर खाने-पीने के लिए मशहूर है, इसलिए इस बार न्यू ईयर पार्टी में खास डिशेस भी परोसी जाएंगी। शराब के साथ-साथ जायकेदार खाने का भी भरपूर इंतजाम किया गया है।
युवाओं में जोश, दोस्तों के साथ पार्टी और नए रेजोल्यूशन
नए साल के जश्न को लेकर इंदौर के युवा खासे उत्साहित हैं। कोई दोस्तों के साथ क्लब में डांस करने की तैयारी कर रहा है तो कोई घर पर निजी पार्टी रखने का प्लान बना चुका है। साथ ही नए साल के रेजोल्यूशन भी तैयार हैं – कोई फिटनेस पर ध्यान देने की बात कर रहा है तो कोई करियर में नई शुरुआत करने की।
युवाओं का कहना है कि वे पुराने साल की सारी अच्छी-बुरी यादों को पीछे छोड़कर 2025 में नए जोश और उमंग के साथ कदम रखना चाहते हैं।
’12 बजे सभी पार्टियां बंद’, आबकारी विभाग का सख्त आदेश
जहां एक तरफ जश्न की धूम है, वहीं आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। नए साल की पार्टी के लिए शहर के 5 स्थानों पर विशेष लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसके अलावा इंदौर में 100 बार, पब और क्लब हैं, साथ ही करीब 60 होटल ऐसे हैं जिनके पास बार का लाइसेंस है।
आबकारी अधिकारी देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि सभी जगहों पर विभाग की टीमें तैनात रहेंगी और शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लगातार पेट्रोलिंग होगी। सबसे अहम बात – 31 दिसंबर की रात 12 बजे सभी पार्टियां बंद करानी होंगी। इसके बाद अगर कहीं शराब परोसी जाती मिली तो कार्रवाई तय है।
पुलिस की नसीहत – पार्टी करें, लेकिन हमारे मेहमान मत बनें
इंदौर पुलिस ने इस बार न्यू ईयर इवनिंग को लेकर खास तैयारी की है। एडिशनल सीपी अमित सिंह के मुताबिक, हर थाना क्षेत्र में 6 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जबकि बड़े थाना क्षेत्रों में 8-8 पॉइंट रहेंगे। सामान्य दिनों में जहां चेकिंग नहीं होती, वहां भी 31 दिसंबर की रात चेकिंग की जाएगी।
पुलिस ने साफ कहा है – ड्रिंक एंड ड्राइव बिल्कुल न करें, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं और स्टंटबाजी से बचें।
इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने पोस्टर और फ्लायर के जरिए लोगों को मजेदार अंदाज में चेताया है – “आप वाहन से आएंगे, लेकिन जाएंगे पैदल।” यानी अगर नियम तोड़े तो गाड़ी जब्त और रात नजदीकी थाने में कट सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

