शनिवार, 21 मार्च 2026
Logo
Madhaya Pradesh

इंदौर अग्निकांड: EV चार्जिंग, बिजली पोल या कुछ और? जांच में सामने आए चौंकाने वाले संकेत

21 मार्च, 2026 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
इंदौर अग्निकांड: EV चार्जिंग, बिजली पोल या कुछ और? जांच में सामने आए चौंकाने वाले संकेत
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

इंदौर के बृजेश्वरी एनएक्स इलाके में हुए दर्दनाक आग हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। आठ लोगों की मौत के बाद अब हर किसी के मन में एक ही सवाल है—आखिर आग लगी कैसे? शुरुआती दावों से अलग अब जांच में कई नए और चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं।


EV चार्जिंग पर नया ट्विस्ट

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, घटना वाली रात कार चार्जिंग को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि, कार पहले पूरी तरह चार्ज हो चुकी थी और चार्जर अपने आप बंद हो गया था। कुछ देर बाद अचानक चार्जिंग दोबारा शुरू हो गई। इस दौरान बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और ओवरहीटिंग की स्थिति बनी। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि बैटरी के ज्यादा गर्म होने से उसमें विस्फोट हुआ और आग तेजी से फैल गई। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी फाइनल तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही होगी।


बिजली पोल या कार? बेटे ने उठाए सवाल

परिवार का दावा: आग कार से नहीं लगी। मृतक कारोबारी के बेटे सौरभ ने जांच की दिशा पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि, घटना के समय कार चार्जिंग पर नहीं थी। आग बिजली के पोल से शुरू हुई हो सकती है। फायर ब्रिगेड और बिजली कंपनी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। इस बयान के बाद जांच एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।


मौके पर फिर पहुंची जांच टीम

शुक्रवार को फायर सेफ्टी, बिजली कंपनी और अन्य विशेषज्ञों ने घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया। जांच के दौरान जली हुई वायरिंग और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच की गई। घर के बाहर लगे बिजली के खंभे की स्थिति देखी गई। कार और उसके आसपास के हिस्सों का बारीकी से परीक्षण हुआ। अधिकारियों ने यह भी समझने की कोशिश की कि आग सबसे पहले किस हिस्से में भड़की।


स्मार्ट मीटर ने खोले कई राज

हर 15 मिनट का रिकॉर्ड खंगाला गया। बिजली कंपनी ने घर के स्मार्ट मीटर का डेटा निकालकर गहराई से जांच शुरू की है। इसमें पता चला घर में सामान्य खपत लगभग 2 किलोवॉट थी। कार चार्जिंग के दौरान खपत बढ़कर 9 किलोवॉट तक पहुंच जाती थी। रात करीब 3 बजे चार्जर ऑटो कटऑफ हुआ। करीब 30 मिनट बाद फिर से बिजली की खपत अचानक बढ़ी। यह डेटा जांच के लिए बेहद अहम माना जा रहा है और इससे घटना की टाइमलाइन समझने में मदद मिल रही है।


बैटरी ब्लास्ट की आशंका मजबूत

कार के हिस्सों से मिले संकेत जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण संकेत मिले कार की पिछली अलॉय व्हील टूटी हुई मिली। बैटरी कंपार्टमेंट पूरी तरह जला हुआ था। एसी के तार और पाइप भी क्षतिग्रस्त पाए गए। विशेषज्ञों का मानना है कि ये सभी संकेत बैटरी ब्लास्ट की ओर इशारा करते हैं, लेकिन अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


कंपनी के इंजीनियर भी जांच में शामिल

कार बनाने वाली कंपनी के इंजीनियर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने चार्जिंग सिस्टम और कनेक्शन पॉइंट की जांच की। कार के अंदर जले हिस्सों का विश्लेषण किया और बैटरी और उसके कंपोनेंट्स की स्थिति का निरीक्षण किया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसे की असली वजह क्या थी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें