
इंदौर। बुधवार सुबह इंदौर में हुई भीषण आग की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। अचानक भड़की आग ने न सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। इस हादसे की गूंज अब दिल्ली तक पहुंच चुकी है और देश के शीर्ष नेतृत्व ने भी इस पर चिंता जताई है।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके साथ देश खड़ा है। सरकार की ओर से राहत के तौर पर मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से यह सहायता दी जाएगी। साथ ही, पीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
ई-कार चार्जिंग बनी नई चुनौती: सीएम मोहन यादव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना को गंभीर चेतावनी के रूप में लिया है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग से जुड़ी यह घटना एक नई चुनौती बनकर सामने आई है। सीएम ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की गहन जांच की जाए, तकनीकी कारणों का पता लगाया जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय तैयार किए जाएं
क्यों बढ़ रही है ई-वाहनों से जुड़ी घटनाओं की चिंता?
इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ कुछ नए जोखिम भी सामने आ रहे हैं। खासकर:
- गलत चार्जिंग सेटअप
- ओवरहीटिंग
- बैटरी में तकनीकी खराबी
विशेषज्ञों का मानना है कि घरों में ई-वाहनों की चार्जिंग के लिए सुरक्षित और प्रमाणित सिस्टम का इस्तेमाल बेहद जरूरी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

