
भोपाल। शुक्रवार को इंदौर में होने वाली पश्चिम क्षेत्रीय समन्वय बैठक में कई राज्यों के पुलिस प्रमुख एक साथ बैठकर आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े अहम विषयों पर विचार करेंगे।
बैठक का प्रमुख फोकस नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक, राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सुरक्षा से जुड़े मामलों में साझा रणनीति तैयार करना रहेगा।
पश्चिम क्षेत्र के कई राज्यों के डीजीपी होंगे शामिल
इस बैठक में मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, गोवा तथा कुछ केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अपनी-अपनी टीमों के साथ भाग लेंगे। विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर विशेष चर्चा होगी।
ड्रग्स माफिया रहेगा सबसे बड़ा एजेंडा
बैठक में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर सबसे अधिक जोर रहेगा। बदलते तरीकों से सक्रिय ड्रग तस्करों, सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते नेटवर्क और अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की रणनीति तैयार की जाएगी।
इन अहम विषयों पर भी होगा मंथन
बैठक के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं, जिनमें—
सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा तैयारियां
अगले वर्ष होने वाले कुंभ-2027 (नासिक) की सुरक्षा व्यवस्था
साइबर अपराध
महिलाओं के विरुद्ध अपराध
राज्यों के बीच बेहतर समन्वय
खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान
सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी
बड़े तस्करों के विरुद्ध संयुक्त अभियान
'नशामुक्त भारत' अभियान पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में 'नशामुक्त भारत' को प्रमुख विषय बनाया गया है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई और अंतरराज्यीय ड्रग गिरोहों सहित अन्य अपराधियों के खिलाफ साझा रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

