भोपाल। एम्स भोपाल में “द पावर ऑफ वन थॉट” विषय पर प्रेरक और ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र को प्रो. (डॉ.) मोहित दयाल गुप्ता (डायरेक्टर-प्रोफेसर, कार्डियोलॉजी विभाग, जी.बी. पंत अस्पताल एवं मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज, नई दिल्ली) ने संबोधित किया।
प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट, दूरदर्शी शिक्षक एवं प्रतिष्ठित टेडएक्स (TEDx) वक्ता, डॉ. गुप्ता ने बताया कि एक सकारात्मक और सशक्त विचार व्यक्ति के जीवन में गहरा बदलाव ला सकता है और बेहतर दिशा दिखा सकता है।
कार्यक्रम में एम्स भोपाल के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ता ने सरल और वैज्ञानिक तरीके से समझाया कि मन में उठने वाले विचार हमारी मानसिक शांति, व्यवहार, निर्णय क्षमता और दैनिक जीवन की परिस्थितियों को प्रभावित करते हैं। यदि व्यक्ति अपने विचारों को पहचानना और दिशा देना सीख ले, तो वह तनाव, कार्यस्थल और निजी जीवन की चुनौतियों को बेहतर तरीके से संभाल सकता है।
कार्यक्रम में एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानंद कर, डीन (एकेडमिक्स) प्रो. (डॉ.) रजनीश जोशी, डीन (अनुसंधान) प्रो. (डॉ.) रेहान उल हक तथा उपनिदेशक (प्रशासन) श्री संदेश कुमार जैन की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
प्रो. (डॉ.) मोहित गुप्ता ने जीवन से जुड़े उदाहरणों, वैज्ञानिक तथ्यों और प्रेरक अनुभवों के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि हमें अपनी सोच को समझने और नियंत्रित करने की आवश्यकता है। सत्र में प्रतिभागियों को स्पष्टता, धैर्य, माइंडफुलनेस, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की व्यवहारिक तकनीकों से भी अवगत कराया गया, जो किसी भी आम नागरिक द्वारा अपने दैनिक जीवन में अपनाई जा सकती हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

