
भोपाल। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंगलवार को मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और विभागीय भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पैरामेडिकल कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 से पहले पूरी करने पर जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने पुराने पांच मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल और सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभाग विकसित करने के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कैंसर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और मानव संसाधन की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने व चयन और साक्षात्कार की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर भी जोर दिया।
आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती जल्द करने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अस्पताल प्रबंधकों की काउंसलिंग और आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती जल्द करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस), इम्यूनोहेमेटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सृजन तथा आवश्यक पदों की स्वीकृति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
लंबित प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब न हो
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और लंबित प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा रश्मि अरुण शमी, आयुक्त धनराजू एस. सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

