
भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ‘जन विश्वास अभियान’ अब प्रशासनिक जवाबदेही तय करने का भी जरिया बनता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को टीकमगढ़ में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की सुनवाई के दौरान एक मामले में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं, कटनी में जमीन विवाद और पुलिस पद के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री ने नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि जनता की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में दबाव या पद का दुरुपयोग किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर योजनाओं की स्थिति देखने और स्थानीय स्तर पर शिकायतों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मां की मौत के बाद भी नॉमिनी को नहीं मिली राशि, जिला पंजीयक पर कार्रवाई
टीकमगढ़ में जन विश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की। इसी दौरान दयाराम लोधी ने अपनी मां स्वर्गीय रानीबाई की मृत्यु के बाद सहकारी बैंक की मवई शाखा द्वारा नॉमिनी के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं किए जाने की शिकायत रखी।
मुख्यमंत्री ने मामले की जानकारी अधिकारियों से ली। शिकायत के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक को निलंबित करने के निर्देश दिए।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य से जुड़ी शिकायतों को केवल कागजों पर न निपटाया जाए, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक लाभ मिले।
पांच शिकायतकर्ताओं से सीधे बात की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन विश्वास अभियान के दौरान महेश प्रसाद लोधी, कमलेश नामूलिया, दयाराम लोधी, कालीचरण सिंह राजपूत और हरिराम विश्वकर्मा से सीधे बातचीत कर उनके मामलों की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को लगातार फील्ड में जाना चाहिए और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए।
जिला पंचायत CEO का देवास तबादला
टीकमगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर एक और बदलाव हुआ है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नवीत कुमार धुर्वे का तबादला देवास कर दिया गया है। उन्हें जिला पंचायत देवास के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विशाल धाकड़ को टीकमगढ़ जिला पंचायत CEO बनाया गया है। यह बदलाव प्रदेश में हुए 32 IAS अधिकारियों के तबादलों का हिस्सा है।
राशन दुकानों को लेकर भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के संचालन को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशन दुकानें अपने निर्धारित और वास्तविक स्थान पर ही संचालित हों। यदि दुकानें निर्धारित स्थान से हटकर संचालित हो रही हैं तो संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कटनी CSP नेहा पच्चीसिया पर भी निलंबन की गाज
इसी बीच कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया से जुड़े गंभीर मामले में मुख्यमंत्री ने निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह मामला जमीन के एक विवाद से जुड़ा है, जिसमें पुलिस पद के कथित दुरुपयोग और जमीन के लेन-देन को लेकर आरोप सामने आए हैं।
मामले में कटनी के कुठला थाने में CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की बताई जा रही जमीन को कथित तौर पर काफी कम कीमत में रजिस्ट्री कराने से जुड़े आरोपों की जांच चल रही है।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव को संबंधित CSP के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
‘कानून व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
कटनी मामले पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही, दबाव या पद का दुरुपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
‘लापरवाह पर कार्रवाई, अच्छा काम करने वालों का सम्मान’
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता से जुड़े काम में लापरवाही की कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे और बेहतर परिणाम देंगे, उन्हें प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाएगा। वहीं लापरवाही करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

