
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की टिप्पणी पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा जताई गई आपत्ति के बाद अब भाजपा ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा ने दिग्विजय सिंह से पूछे सवाल
मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कहा कि दिग्विजय सिंह चयनात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, तब दिग्विजय सिंह ने सार्वजनिक रूप से विरोध नहीं जताया। अब जब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी ने जीतू पटवारी को रद्दी कहा तो उनका मुंह खुल रहा है। केसवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान पर दिग्विजय सिंह की प्रतिक्रिया उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाती है।
जीतू पटवारी के नेतृत्व पर भी साधा निशाना
उन्होंने कहा, दिग्विजय सिंह बाबुल का पेड़ बो कर आम की इच्छा कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि जीतू पटवारी के कार्यकाल में कांग्रेस संगठन कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी के कार्यकाल में 5 लाख से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं और कई क्षेत्रों में पार्टी को संगठनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी को अपेक्षित राजनीतिक सफलता नहीं मिली है।
मोहन यादव के बयान से शुरू हुआ विवाद
शाजापुर जिले के शुजालपुर में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद उन्होंने कांग्रेस का इतना रद्दी अध्यक्ष नहीं देखा। साथ ही पटवारी को कांग्रेस के पुराने नेताओं के लिए माफी मांगने की सलाह भी दी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

