बुधवार, 29 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

जेके सीमेंट की यूनिट का होगा विस्तार, 800 लोगों को मिलेगा रोजगार, मंत्रि-परिषद समिति की बैठक में 5 औद्योगिक इकाइयों के निवेश प्रकरणों को दी मंजूरी

09 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm dr mohan yadav

Cm dr mohan yadav

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो में सोमवार को निवेश संवर्धन पर मंत्रि-परिषद समिति की बैठक की। इसमें 5 औद्योगिक इकाइयों के निवेश प्रकरणों को मंजूरी दी गई। बैठक में जेके सीमेंट कंपनी के निवेश प्रकरण पर चर्चा हुई। कंपनी भविष्य में 1850 करोड़ रुपए से अधिक के अतिरिक्त निवेश से यूनिट का विस्तार कर रही है, जिससे 800 लोगों को रोजगार मिलेगा।

जेके सीमेंट वर्तमान में पन्ना जिले में 2600 करोड़ रुपए के इंटीग्रेटेड क्लिंकर और सीमेंट प्रोडक्शन प्रोजेक्ट पर काम कर रही है और 6 हजार से अधिक लोगों को रोजगार भी दे रही है। बैठक में प्रदेश के जिलों में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं को दी जाने वाली वित्तीय सुविधाओं के संबंध में अहम निर्णय लिए गए। मंत्री मंडलीय समिति ने सभी औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक अनुमोदन दिया। इसके तहत प्रचलित उद्योग संवर्धन समितियों में उपलब्ध प्रावधानों के साथ ही अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करने पर सहमति बनी। 

 

बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, संस्कृति-पर्यटन-धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

 

अल्केम लैबोरेट्रीज कंपनी का निवेश प्रकरण भी रखा 

बैठक में अल्केम लैबोरेट्रीज कंपनी का निवेश प्रकरण भी रखा गया। यह कंपनी फार्मा क्षेत्र में फार्मूलेशन-एपीआई और बल्क ड्रग प्रोडक्शन कर रही है। इस कंपनी ने मुंबई में हुए रोड-शो के दौरान 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की इच्छा जताई थी। कंपनी ने उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी में टैबलेट, कैप्सूल, ड्राई सिरप और ड्राई पाउडर इंजेक्शन के निर्माण के लिए यूनिट की स्थापना का प्रस्ताव दिया है। इससे 500 लोगों को रोजगार मिलेगा।

 

500.20 करोड़ रुपए के निवेश से डेटा सेंटर सुविधा की जा रही विकसित 

 कंट्रोल एस डेटा सेंटर लिमिटेड की ओर से बड़वई आईटी पार्क, भोपाल में करीब 500.20 करोड़ रुपए के निवेश से डेटा सेंटर सुविधा विकसित की जा रही है। परियोजना से प्रदेश में लगभग 870 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार अवसरों का सृजन होगा। यह निवेश प्रदेश में डिजिटल अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, राष्ट्रीय डेटा नीति, एवं मध्यप्रदेश आईटी और ईएसडीएम निवेश संवर्धन नीति-2023 के लक्ष्यों को आगे बढ़ाएगा।

 

निवेश सेकॉपर क्लैड लैमिनेट निर्माण इकाई स्थापित किए जाने का प्रस्ताव

राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिज़ाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ईएसडीएम) सेक्टर को प्रोत्साहन प्रदान करने और स्थानीय उत्पादन क्षमताओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केदारा इलेक्ट्रॉनिक्स की ओर से ग्वालियर, मध्यप्रदेश में लगभग 327.10 करोड़ रुपए के निवेश सेकॉपर क्लैड लैमिनेट निर्माण इकाई स्थापित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। परियोजना से राज्य में लगभग 220 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर उपलब्ध होंगे।

 

इस्कॉन बालाजी फूड्स ने शुरू किया काम, 350 लोगों को रोजगार मिला

बैठक में बताया गया कि विश्व की सबसे बड़ी पोटेटो फ्लेक्स निर्माताओं में शामिल अहमदाबाद की इस्कॉन बालाजी फूड्स ने उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में 110 करोड़ रूपये के निवेश से यूनिट स्थापित कर उत्पादन शुरू कर दिया है। इससे 350 लोगों को रोजगार मिला है।




पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें