बुधवार, 04 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला, बोले- इमरजेंसी का भुक्तभोगी हूं, राहुल गांधी आत्मचिंतन करें

04 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला, बोले- इमरजेंसी का भुक्तभोगी हूं, राहुल गांधी आत्मचिंतन करें
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। भोपाल में भाजपा की पदयात्रा के मंच से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस को इमरजेंसी, ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने राहुल गांधी को अबोध बालक बताते हुए उनके बयानों पर आत्मचिंतन करने की नसीहत दी।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर राजनीतिक लाभ लेने और पार्टी पर न्यायालय का अपमान करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।


इमरजेंसी में दो बार क्लासरूम से गिरफ्तार हुए थे नड्डा

जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में आपातकाल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे खुद इमरजेंसी के पीड़ित रहे हैं। उस दौर में पुलिस उन्हें दो बार क्लासरूम से पकड़कर ले गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के समय कई परिवारों को जेल में डाल दिया गया था। नड्डा ने कांग्रेस से सवाल किया कि जिस पार्टी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ ऐसा व्यवहार किया, वह आज लोकतंत्र और राज-प्रजातंत्र की बात कैसे कर सकती है।


ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को दी चुनौती

चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए नड्डा ने चुनाव आयोग की ईवीएम हैकिंग चुनौती का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मशीन हैक करके दिखाने की चुनौती दी थी। दुनिया के किसी भी विशेषज्ञ को बुलाकर ऐसा करने का मौका था, लेकिन कोई सामने नहीं आया। उन्होंने राहुल गांधी से भी सवाल किया कि उस समय वे कहां थे। नड्डा ने बैलेट पेपर से हुए हालिया एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि इनमें कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। ईवीएम को दोष देने वालों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नाच न आने पर आंगन को टेढ़ा बताया जा रहा है।


अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल पर कांग्रेस को घेरा

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर संवैधानिक प्रावधानों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 356 का 90 बार इस्तेमाल कर चुनी हुई सरकारों को गिराया। उन्होंने राहुल गांधी को अबोध बालक बताते हुए कहा कि उन्हें अपने बयानों और राजनीतिक रुख पर आत्मचिंतन करना चाहिए।


पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर भी साधा निशाना

नड्डा ने कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जिक्र करते हुए उन्होंने उनकी भाषा पर सवाल उठाया। नड्डा ने कहा कि जनता इस तरह की बदजुबानी को माफ नहीं करेगी और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा।


मोहन यादव बोले- राहुल गांधी राजनीतिक रोटी सेंक रहे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और चहुंमुखी विकास कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर राजनीतिक फायदे के लिए मुद्दे उठाने का आरोप लगाया। मोहन यादव ने कांग्रेस पर न्यायालय का लगातार अपमान करने की बात भी कही। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा था और आज वही पार्टी चुनावी निष्पक्षता की बात कर रही है। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें