
भोपाल। कान्हा टाइगर रिजर्व में CDV वायरस ने बड़ा खतरा खड़ा कर दिया है। 9 दिनों के भीतर एक बाघिन और उसके 4 शावकों की मौत ने वन विभाग और विशेषज्ञों को अलर्ट कर दिया है। अब शुरुआती जांच में जो वजह सामने आई है, वह और भी चिंताजनक है...
मौतों की गुत्थी सुलझी, सामने आया वायरस
मध्य प्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व में हुई इन मौतों की जांच में केनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) की पुष्टि हुई है। डिप्टी डायरेक्टर प्रकाश कुमार वर्मा के मुताबिक, जबलपुर स्थित वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक लैब में किए गए परीक्षणों में वायरस के संकेत मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह कोई सामान्य बीमारी नहीं, बल्कि तेजी से फैलने वाला संक्रमण है—और यही बात सबसे ज्यादा चिंता बढ़ा रही है...
9 दिनों में खत्म हो गया पूरा कुनबा
यह मामला सरही परिक्षेत्र की बाघिन T-141 से जुड़ा है।
21 से 25 अप्रैल के बीच 3 शावकों की मौत हो गई थी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई थी। इसके बाद बीमार बाघिन और उसके आखिरी बचे शावक को रेस्क्यू कर क्वॉरेंटाइन सेंटर ले जाया गया, लेकिन 29 अप्रैल को दोनों ने भी दम तोड़ दिया। यानी कुल मिलाकर सिर्फ 9 दिनों में पूरा परिवार खत्म हो गया, जिसने सिस्टम को हिला दिया है।
कैसे असर करता है CDV वायरस?
विशेषज्ञों के अनुसार, CDV एक खतरनाक संक्रामक बीमारी है जो जंगली मांसाहारी जानवरों को तेजी से प्रभावित करती है। यह वायरस सीधे श्वसन (lungs), पाचन (digestive system) और तंत्रिका तंत्र (nervous system) पर हमला करता है। शुरुआती पोस्टमार्टम में पेट खाली होना और फेफड़ों में संक्रमण जैसे लक्षण सामने आए, जो CDV से मेल खाते हैं।
कुत्तों से जंगल तक पहुंचता है खतरा
जांच में सामने आया है कि यह वायरस आमतौर पर कुत्तों के जरिए जंगली जानवरों तक फैलता है। यानी रिजर्व के आसपास मौजूद संक्रमित कुत्ते इस बीमारी के सबसे बड़े वाहक हो सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसे समय रहते नहीं रोका गया, तो यह और बड़े स्तर पर फैल सकता है। अब वन विभाग अंतिम पुष्टि के लिए और विस्तृत जांच करवा रहा है—ताकि जल्द से जल्द रोकथाम के कदम उठाए जा सकें...
बढ़ी निगरानी, अलर्ट पर वन विभाग
CDV की पुष्टि के बाद पूरे रिजर्व में निगरानी बढ़ा दी गई है। वन्यजीव विशेषज्ञों की टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं और संभावित संक्रमण को रोकने के उपाय तलाश रही हैं। क्योंकि अगर यह वायरस फैलता है, तो सिर्फ एक परिवार नहीं—पूरे टाइगर पॉपुलेशन के लिए खतरा बन सकता है…
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

