गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

कान्हा टाइगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से पर्यटन शुरू, खटिया-मुक्की-सरही गेट से होगी कोर क्षेत्र की सफारी

01 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
कान्हा टाइगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से पर्यटन शुरू, खटिया-मुक्की-सरही गेट से होगी कोर क्षेत्र की सफारी
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में 1 अक्टूबर से नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई है। खटिया, मुक्की और सरही गेट से पर्यटक जंगल सफारी कर वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण में देख सकेंगे।


पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ 1 से 7 अक्टूबर तक चलने वाले वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का आयोजन भी शुरू हुआ। तीनों प्रवेश द्वारों पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, अतिथियों, कर्मचारियों और पर्यटकों ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए योगदान देने की शपथ ली।


तीनों गेट से शुरू हुई जंगल सफारी

खटिया गेट पर क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी ने पर्यटन वाहनों को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में भारतीय खेल जगत की हस्तियां नीरज चोपड़ा, गगन नारंग और इलावेनिल वेलारेवीन मौजूद रहीं।


मुक्की गेट पर उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने पर्यटन गतिविधियों का शुभारंभ किया। सरही प्रवेश द्वार से भी नए पर्यटन सत्र के तहत गतिविधियां शुरू कर दी गईं।


संरक्षण सप्ताह में ली गई शपथ

वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के तहत प्रवेश द्वारों पर मौजूद लोगों ने जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने और वन्यजीव संरक्षण में बेहतर योगदान देने का संकल्प लिया गया।


पर्यटन से स्थानीय लोगों को रोजगार की उम्मीद

कान्हा में हर साल देश और विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक वन्यजीवों तथा प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लेने पहुंचते हैं। इस सीजन को देखते हुए कान्हा प्रबंधन ने पर्यटन से जुड़ी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने का सीधा लाभ स्थानीय स्तर पर पर्यटन से जुड़े लोगों को मिलने की उम्मीद है। इनमें गाइड, वाहन चालक, होमस्टे, होटल और रिसॉर्ट संचालक तथा अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोग शामिल हैं।


कान्हा प्रबंधन का अनुमान है कि नए पर्यटन सत्र के दौरान स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार और आय के अवसर बढ़ेंगे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें