
इंदौर। सोने की लगातार बढ़ती कीमतों ने अब आस्था से जुड़े कामों को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश के लिए बन रहा 7 किलो सोने का मुकुट फिलहाल रोक दिया गया है। कारण सिर्फ महंगाई नहीं, बल्कि बढ़ती मजदूरी भी है।
क्यों रुका 7 किलो सोने के मुकुट का काम
मंदिर में भगवान गणेश के साथ अन्य देवी-देवताओं के मुकुट बनाने का काम चल रहा था। लेकिन अब सोने की कीमतों में तेज उछाल के कारण पूरा प्रोजेक्ट रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि मजदूरी लागत भी पहले के मुकाबले करीब 3 गुना बढ़ चुकी है, जिससे कुल खर्च काफी बढ़ गया है।
जब शुरू हुआ था काम, हालात थे अलग
जब इस मुकुट निर्माण की शुरुआत हुई थी, तब सोने के दाम काफी कम थे और लागत नियंत्रित थी। उसी हिसाब से योजना बनाई गई थी। लेकिन अब बाजार में तेजी के चलते बजट पूरी तरह बिगड़ गया है, जिससे मंदिर प्रबंधन को काम रोकने का फैसला लेना पड़ा।
डिजाइन से लेकर ट्रायल तक सब हो चुका था तैयार
इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए एक विशेष समिति बनाई गई थी। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। यहां तक कि मुकुट का डिजाइन फाइनल होने के बाद चांदी में उसका मॉडल बनाकर फिटिंग भी जांच ली गई थी, ताकि सोने का मुकुट बिल्कुल सटीक तैयार किया जा सके।
दान और पुराने मुकुट से बनना था नया आभूषण
मंदिर में पहले से मौजूद पुराने मुकुट और श्रद्धालुओं के दान से नए मुकुट बनाए जाने की योजना थी। इस काम को तेजी से आगे बढ़ाया भी गया था। लेकिन अब बढ़ती लागत ने इस धार्मिक परियोजना की रफ्तार रोक दी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

