
भोपाल। मध्यप्रदेश के खजुराहो को जल्द ही स्वास्थ्य और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में बड़ी पहचान मिलने जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार ने यहां 15 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर बनाने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईएलआईटी (ELIT) शिक्षण संस्थान को भी हरी झंडी मिल गई है।
इंटरनेशनल वेलनेस हब बनेगा खजुराहो
नई योजना के तहत खजुराहो में बनने वाला यह वेलनेस सेंटर आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का बड़ा केंद्र होगा। यहां पंचकर्म और नेचुरोपैथी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का लक्ष्य है कि खजुराहो सिर्फ पर्यटन नहीं, बल्कि हेल्थ टूरिज्म के क्षेत्र में भी वैश्विक पहचान बनाए।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
क्षेत्रीय सांसद और बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के सैकड़ों अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इससे बुंदेलखंड क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी और खजुराहो की इंटरनेशनल ब्रांडिंग मजबूत होगी।
पर्यटन विभाग और आयुष मिशन मिलकर करेंगे संचालन
वेलनेस सेंटर का संचालन राष्ट्रीय आयुष मिशन और मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग मिलकर करेंगे। सरकार की योजना है कि यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की सुविधाएं एक ही जगह पर मिल सकें।
26 मई को खजुराहो में बड़ा राष्ट्रीय आयोजन
सांसद वीडी शर्मा ने बताया कि मई के अंतिम सप्ताह में खजुराहो में आयुष मंत्रालय की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। यह बैठक 26 और 27 मई को होगी, जिसमें केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव, देशभर के सांसद और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
योग दिवस का भी होगा भव्य आयोजन
खजुराहो में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “25वें काउंटडाउन” का विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। सरकार इसे बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी में जुटी है, ताकि खजुराहो को वैश्विक योग और वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

