
भोपाल। मध्यप्रदेश के 82 लाख किसानों को सोमवार को बड़ी आर्थिक सहायता मिलने जा रही है। खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत ₹3300 करोड़ से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेंगे।
वर्ष 2026 को प्रदेश में 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं मौजूद रहकर किसानों से संवाद करेंगे और कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं व नवाचारों की जानकारी साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री का बदला कार्यक्रम
पहले मुख्यमंत्री का कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से किसानों से जुड़ने का था, लेकिन बाद में दौरे में बदलाव किया गया। अब डॉ. मोहन यादव स्वयं खंडवा पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे और किसानों को सीधे संबोधित करेंगे।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार वे सोमवार सुबह भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे। करीब 11:35 बजे नई कृषि उपज मंडी परिसर, खंडवा पहुंचेंगे और दोपहर लगभग 1:10 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत मिलेगा लाभ
बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के जरिए किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे।
लाभार्थी किसान: 82 लाख से अधिक
अंतरित राशि: ₹3300 करोड़ से अधिक
माध्यम: डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (सिंगल क्लिक)
कृषि विशेषज्ञ देंगे आधुनिक खेती की जानकारी
महोत्सव में किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती के तरीके और जोखिम प्रबंधन के उपाय बताए जाएंगे। कृषि विशेषज्ञ आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
किसानों को इन विषयों की जानकारी मिलेगी—
उन्नत बीज
ड्रोन तकनीक
स्मार्ट सिंचाई
प्राकृतिक एवं जैविक खेती
जल संरक्षण
मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन
मौसम आधारित खेती
डिजिटल कृषि सेवाएं
विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगेगी
कार्यक्रम स्थल पर कई विभाग अपनी योजनाओं और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। इनमें— कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता और कृषि अभियांत्रिकी से संबंधित प्रदर्शनी शामिल रहेगी।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वे खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होकर मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 82 लाख से अधिक किसानों के खातों में ₹3300 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण करेंगे। उन्होंने इसे "सशक्त किसान, समृद्ध मध्यप्रदेश" के संकल्प से जोड़ा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

