
भोपाल। मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम ठीक 6 बजे भोपाल के वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी, बोट क्लब बड़े तालाब पर “खेलो एमपी यूथ गेम्स” का भव्य शुभारंभ करेंगे। झीलों की नगरी भोपाल में इस मौके पर वॉटर प्रोजेक्शन, लेजर शो, शानदार आतिशबाजी और मशहूर सिंगर शेफाली अल्वारेस व दिव्या कुमार की प्रस्तुति से समूचा माहौल खेलमय हो जाएगा।
झीलों की नगरी में खेलों का महासंगम
“खेलो एमपी यूथ गेम्स” पहली बार प्रदेश में खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से आयोजित किए जा रहे हैं। शुभारंभ समारोह में भोपाल के तालाबों की सुंदरता को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे यह आयोजन सिर्फ खेल नहीं बल्कि संस्कृति और पर्यटन का भी उत्सव बन जाएगा। कार्यक्रम के दौरान— खेलो एमपी यूथ गेम्स का लोगो, टी-शर्ट, टॉर्च, एंथेम और मैस्कॉट लॉन्च किया जाएगा। राज्यभर से आए खिलाड़ी और खेल प्रेमी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।
चार चरणों में होंगे मुकाबले, 1.50 लाख खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
इस महा आयोजन की प्रतियोगिताएं 31 जनवरी तक चलेंगी और यह चार चरणों में आयोजित होंगी—
विकासखंड स्तर
जिला स्तर
संभाग स्तर
राज्य स्तर
इन चरणों में लगभग 1.50 लाख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शानदार प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे राज्य टीम चयन में प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सुनहरा मौका मिलेगा।
राज्य स्तर पर 4 करोड़ के पुरस्कार, जानिए तारीखें
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को कुल मिलाकर करीब 4 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
पुरस्कार संरचना इस प्रकार होगी—
प्रथम पुरस्कार – ₹31,000
द्वितीय पुरस्कार – ₹21,000
तृतीय पुरस्कार – ₹11,000
प्रतियोगिता की तारीखें:
ब्लॉक स्तर: 13 से 16 जनवरी
जिला स्तर: 16 से 20 जनवरी
संभाग स्तर: 21 से 25 जनवरी
राज्य स्तर: 28 से 31 जनवरी
28 खेलों में दिखेगा युवाओं का जोश
खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026 में कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन को सुचारू बनाने के लिए खेल संघों के साथ बेहतर तालमेल हेतु विभाग ने समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति की है।
तीन चरणों में 11 खेल होंगे –
हॉकी, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, खो-खो, तैराकी, टेबल टेनिस, मल्लखंब, कुश्ती, जूडो, शतरंज, वेटलिफ्टिंग।
चार चरणों में 10 खेल होंगे –
फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, पिट्टू, बास्केटबॉल, टेनिस, योगासन, रस्साकस्सी, कबड्डी।
सिर्फ राज्य स्तर पर होंगे –
आर्चरी, ताइक्वांडो, क्याकिंग-कैनोइंग, रोइंग, फेंसिंग, शूटिंग, थ्रो-बॉल।
प्रदेश के 313 विकासखंडों की सहभागिता
ब्लॉक स्तर से शुरू होकर राज्य स्तर तक पहुंचने वाली इस प्रक्रिया में प्रदेश के 313 विकासखंडों के खिलाड़ी शामिल होंगे। राज्य स्तर पर 10 संभागों—भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, चंबल, नर्मदापुरम और शहडोल की टीमें** भाग लेंगी।
अलग-अलग शहरों में अलग-अलग खेल
खेलों का आयोजन प्रदेश के कई शहरों में किया जाएगा—
भोपाल में एथलेटिक्स, फेंसिंग, बॉक्सिंग, क्रिकेट (पुरुष), रोइंग, क्याकिंग, तैराकी, शूटिंग, हॉकी (पुरुष), थ्रो-बॉल। इंदौर में बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, टेनिस, स्विमिंग। शिवपुरी में महिला क्रिकेट। ग्वालियर में हॉकी (महिला), बैडमिंटन, पिट्टू। उज्जैन में मल्लखंब, योगासन, कबड्डी, टग ऑफ वॉर, कुश्ती। जबलपुर में खो-खो, आर्चरी;
रीवा में फुटबॉल। नर्मदापुरम में शतरंज, ताइक्वांडो और सागर में जूडो प्रतियोगिताएं होंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

