मंगलवार, 28 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

Mukesh Nayak Resignation: मुकेश नायक का इस्तीफा नामंजूर, जीतू पटवारी ने कहा– ‘मीडिया विभाग संभालते रहिए’

27 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Mukesh Nayak Resignation: मुकेश नायक का इस्तीफा नामंजूर, जीतू पटवारी ने कहा– ‘मीडिया विभाग संभालते रहिए’

Mukesh Nayak Resignation: मुकेश नायक का इस्तीफा नामंजूर, जीतू पटवारी ने कहा– ‘मीडिया विभाग संभालते रहिए’

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

मध्यप्रदेश कांग्रेस में शनिवार को अचानक सियासी हलचल तेज हो गई, जब पार्टी के मीडिया विभाग प्रमुख मुकेश नायक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह त्यागपत्र पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को सौंपा, लेकिन पटवारी ने तुरंत इसे नामंजूर कर दिया और उनसे पद पर बने रहने का आग्रह किया।


सोशल मीडिया पर कांग्रेस का आधिकारिक बयान

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए साफ किया कि मुकेश नायक द्वारा पारिवारिक कारणों से दिया गया इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। पोस्ट में कहा गया - “प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक द्वारा पारिवारिक कारणों से प्रस्तुत किया गया त्यागपत्र, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा अस्वीकार कर दिया गया है। आपसे अपेक्षा है कि आप पूर्ववत संगठन की मजबूती हेतु मीडिया विभाग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।”

इस बयान के बाद साफ हो गया कि फिलहाल कांग्रेस नेतृत्व मुकेश नायक को पद से हटने नहीं देना चाहता।


खुद आगे आकर बोले – ‘नए लोगों को मौका मिलना चाहिए’

मुकेश नायक ने शनिवार 27 दिसंबर को जीतू पटवारी को जो पत्र सौंपा, उसमें उन्होंने साफ लिखा कि वे स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।

 उन्होंने बताया कि शुक्रवार 26 दिसंबर को हुई प्रबंध समिति की बैठक में उन्होंने यह बात रखी थी कि पुराने नेताओं को नए लोगों के लिए जगह बनानी चाहिए।

अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि दो साल तक एक मेहनती, ईमानदार और सक्षम अध्यक्ष के साथ काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद अच्छा रहा और उन्होंने आगे भी संगठन के लिए शुभकामनाएं दीं।


बीजेपी ने बताया कांग्रेस की अंदरूनी कलह

इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी ने कांग्रेस को आड़े हाथों ले लिया है। प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह ने कहा कि मुकेश नायक के इस्तीफे से कांग्रेस की अंतर्कलह और गुटबाजी सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी में वरिष्ठ नेताओं को अपमानित और उपेक्षित करने की परंपरा रही है। यही वजह है कि मुकेश नायक जैसे अनुभवी नेता को इस्तीफा देना पड़ा। बीजेपी प्रवक्ता ने यहां तक कहा कि कांग्रेस में सिर्फ चाटुकारों के लिए जगह बची है, अच्छे और अनुभवी नेताओं को काम करने का मौका नहीं मिलता।


कांग्रेस में फिलहाल बरकरार है स्थिति

हालांकि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी द्वारा इस्तीफा नामंजूर किए जाने के बाद फिलहाल स्थिति यथावत है और मुकेश नायक मीडिया विभाग प्रमुख बने रहेंगे। लेकिन यह घटनाक्रम कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं और बदलाव की आहट जरूर दे गया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें