
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए यह खबर किसी उत्सव से कम नहीं है। शहर के राजा भोज एयरपोर्ट ने राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सूचकांक सर्वे में पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि सिर्फ भोपाल नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इस सर्वे में न केवल भोपाल, बल्कि ग्वालियर और जबलपुर एयरपोर्ट को भी टॉप रैंकिंग में जगह मिली है।
15 लाख पैसेंजर कैटेगरी में भोपाल की बड़ी जीत
राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सूचकांक के तहत जिन हवाई अड्डों पर सालाना 15 लाख तक यात्री सफर करते हैं, उस श्रेणी में भोपाल ने बाजी मारी है। राजा भोज एयरपोर्ट को इस सर्वे में 4.99 अंक मिले हैं, जो देश में सबसे ज्यादा हैं। बीते कुछ महीनों में भोपाल एयरपोर्ट पर कई बड़े बदलाव किए गए, जिनका सीधा असर यात्रियों के अनुभव पर पड़ा। इनमें—
डिजी यात्रा (Digi Yatra) से एंट्री सिस्टम, तेज और बेहतर ग्राउंड हैंडलिंग, आसान और तेज चेक-इन सुविधा और फ्लाइट स्क्रीन इंफॉर्मेशन सर्विस में सुधार जैसे कई कदम शामिल हैं।
कम ट्रैफिक कैटेगरी में खजुराहो नंबर वन
इस सर्वे में मध्य प्रदेश ने एक और उपलब्धि अपने नाम की है। कम ट्रैफिक वाली कैटेगरी में खजुराहो एयरपोर्ट को देश में पहला स्थान मिला है। इससे साफ है कि प्रदेश के छोटे हवाई अड्डों पर भी यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
कनेक्टिंग फ्लाइट्स से भी बढ़ी रेटिंग
भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को पैसेंजर फ्रेंडली बनाने के लिए दिल्ली और मुंबई से विदेश जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट्स की सुविधा भी शुरू की गई है। इस सुविधा के चलते यात्रियों को अब भोपाल से सीधे इंटरनेशनल कनेक्टिविटी मिल रही है, जिसके लिए एयरपोर्ट को पूरे अंक दिए गए।
इसके अलावा यहां— शॉपिंग फैसिलिटी, मनी एक्सचेंज काउंटर, 24×7 पार्किंग, बेहतर चेक-इन स्टाफ व्यवस्था और आरामदायक वेटिंग एरिया जैसी सुविधाओं को भी काफी बढ़ाया गया है।
ग्वालियर और जबलपुर भी टॉप-10 में
इस सर्वे में ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट को देश में छठा स्थान मिला है, जबकि जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट ने सातवां स्थान हासिल किया है।
देश के कुल 58 शहरों में हुए इस सर्वे में मध्य प्रदेश के तीन एयरपोर्ट का टॉप रैंक में आना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इंदौर को नहीं किया गया शामिल
हालांकि इस सर्वे में इंदौर एयरपोर्ट को शामिल नहीं किया गया, जिसे लेकर यात्रियों और शहरवासियों में हल्की निराशा भी देखी जा रही है। लेकिन जिस तरह से भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर ने प्रदर्शन किया है, उससे उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में इंदौर भी इस सूची में जगह बनाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

