
भोपाल। एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। यदि 30 जून तक गैस कनेक्शन की ई-केवायसी (eKYC) पूरी नहीं कराई गई, तो कनेक्शन सस्पेंड होने के साथ सब्सिडी मिलने पर भी असर पड़ सकता है। इस संबंध में ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अपने डीलरों को भी आवश्यक निर्देश भेज रही हैं। कंपनियों का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण पिछले करीब चार महीने से एलपीजी आपूर्ति प्रभावित रही है। हालांकि अब स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन वास्तविक उपभोक्ताओं तक गैस पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ई-केवायसी को अनिवार्य किया गया है।
भोपाल में अभी भी कई उपभोक्ताओं की eKYC बाकी
भोपाल में कई उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज अपडेट नहीं हैं। इसी कारण ऑयल कंपनियां अब ई-केवायसी पर विशेष जोर दे रही हैं। जानकारों के अनुसार जिले में तीनों ऑयल कंपनियों के करीब 8.50 लाख एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें लगभग 70 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने ही अब तक ई-केवायसी पूरी कराई है। बाकी उपभोक्ताओं को 30 जून तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
घर बैठे भी करा सकते हैं eKYC
एलपीजी ई-केवायसी कराने के लिए गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता संबंधित ऑयल कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी घर बैठे ई-केवायसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
eKYC क्यों है जरूरी?
इंडियन ऑयल के एरिया मैनेजर संदीप चावला के अनुसार ई-केवायसी से यह सुनिश्चित होता है कि एलपीजी सिलेंडर सही उपभोक्ता तक पहुंचे और उसका दुरुपयोग न हो। उन्होंने बताया कि ई-केवायसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की सब्सिडी प्रभावित हो सकती है। वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बिना ई-केवायसी के केवल 8 सिलेंडर तक ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
eKYC पूरी तरह मुफ्त
एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.के. गुप्ता ने बताया कि ई-केवायसी की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वितरक के कार्यालय जाने की भी जरूरत नहीं है और उपभोक्ता आसानी से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

