
भोपाल। मध्य प्रदेश में 5-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर आज शुक्रवार को प्रदेशव्यापी बैंक हड़ताल है। करीब 40 हजार बैंककर्मी काम नहीं करेंगे और भोपाल में प्रदर्शन के लिए जुटेंगे।
एक दिन की हड़ताल का असर तीन दिन तक रह सकता है, क्योंकि इसके बाद शनिवार और रविवार को सरकारी अवकाश है। बड़े नकद लेन-देन, चेक जमा और क्लियरेंस जैसी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।
UFBU के आह्वान पर प्रदेशभर में हड़ताल
हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले हो रही है। मध्य प्रदेश के बैंक कर्मचारी भी इसमें शामिल हैं। यूनियनों और सरकार के बीच हड़ताल से पहले बातचीत चल रही थी, लेकिन किसी सकारात्मक समाधान पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद हड़ताल को वापस नहीं लिया गया।
ग्राहकों को किन सेवाओं में परेशानी हो सकती है?
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा। इसका सीधा असर ग्राहकों के बैंकिंग कामों पर पड़ सकता है।
बड़ी रकम की निकासी प्रभावित हो सकती है।
चेक जमा करने में परेशानी हो सकती है।
चेक क्लियरेंस में देरी संभव है।
बैंक शाखाओं में कामकाज बाधित रहेगा।
सितंबर में फिर पांच दिन तक बंद रह सकते हैं बैंक
यूनियनों के कार्यक्रम के अनुसार सितंबर में 28 से 30 सितंबर तक दोबारा हड़ताल रहेगी। इससे ठीक पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी है। इस तरह छुट्टियों और हड़ताल को मिलाकर लगातार 5 दिन बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रहने की स्थिति बन सकती है।
आखिर क्या है 5-डे बैंकिंग वीक की मांग?
अभी बैंक कर्मचारियों को महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश मिलता है। यूनियन चाहती हैं कि हर शनिवार छुट्टी हो और बैंकिंग व्यवस्था में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाए। इसके लिए सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना काम का समय 40 मिनट बढ़ाने का प्रस्ताव है। यानी शनिवार की छुट्टी की भरपाई बाकी पांच कार्यदिवसों में अतिरिक्त समय देकर करने की बात कही गई है।
बैंक यूनियनों की दो प्रमुख मांगें
UFBU की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के साथ-साथ स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की PLI योजना वापस लेना शामिल है। यूनियनों ने 27 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन किया था। इसके साथ आगामी महीनों में बैंक हड़ताल और अनिश्चितकालीन राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान भी किया गया था।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

