शुक्रवार, 24 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्यप्रदेश बजट 2026-27 आज पेश: युवाओं, किसानों और लाड़ली बहनों पर फोकस, सिंहस्थ 2028 के लिए बड़े ऐलान संभव

18 फ़र, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्यप्रदेश बजट 2026-27 आज पेश: युवाओं, किसानों और लाड़ली बहनों पर फोकस, सिंहस्थ 2028 के लिए बड़े ऐलान संभव

मध्यप्रदेश बजट 2026-27 आज पेश: युवाओं, किसानों और लाड़ली बहनों पर फोकस, सिंहस्थ 2028 के लिए बड़े ऐलान संभव

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। डॉ. मोहन यादव सरकार बुधवार को अपना तीसरा बजट विधानसभा में पेश करने जा रही है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सुबह 11 बजे बजट भाषण शुरू करेंगे। इस बार का बजट आकार राज्य पर बढ़ते कर्ज को देखते हुए संतुलित रहने की संभावना है, लेकिन युवाओं, किसानों और महिलाओं से जुड़े कई अहम ऐलान किए जा सकते हैं।


बजट का आकार और राज्य का कर्ज

सूत्रों के अनुसार, मध्यप्रदेश सरकार का कुल बजट करीब पौने पांच लाख करोड़ रुपए के आसपास रहने की संभावना है। वहीं राज्य पर मौजूदा कर्ज लगभग 4 लाख 94 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। ऐसे में सरकार वित्तीय संतुलन बनाए रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।


युवाओं, किसानों और लाड़ली बहनों पर नजर

प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जुड़ी नई घोषणाओं का इंतजार है। किसान सम्मान निधि में बढ़ोतरी और लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने को लेकर भी उम्मीदें जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि सरकार सामाजिक योजनाओं को चुनावी वादों के अनुसार मजबूत करने की दिशा में कदम उठा सकती है।


सिंहस्थ 2028 के लिए विशेष प्रावधान संभव

साल 2028 में होने वाले सिंहस्थ को लेकर कई बड़े निर्माण और विकास कार्य 2026-27 वित्तीय वर्ष में ही पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्र सरकार के आम बजट में सिंहस्थ के लिए अलग से प्रावधान न होने के बाद अब राज्य सरकार खुद से विशेष बजट व्यवस्था कर सकती है।


बजट से पहले पूजा और मंदिर दर्शन

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का यह वित्त मंत्री के तौर पर सातवां और मोहन यादव सरकार का तीसरा बजट होगा। बजट पेश करने से पहले मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के साथ अंतिम चर्चा होगी। परंपरा के अनुसार देवड़ा घर पर पूजा करने के बाद भोपाल के न्यू मार्केट स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे। मंगलवार को उन्होंने वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंत्रालय में बजट को अंतिम रूप दिया।


मुख्यमंत्री का दावा – अगले 3 साल का विजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संकेत दिए हैं कि यह बजट सामान्य बजट से अलग हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एक अनूठे नवाचार की दिशा में कदम बढ़ा रहा है, जिसमें इस साल के विस्तृत बजट के साथ आने वाले दो वर्षों की विकास योजनाओं की रूपरेखा भी शामिल रहेगी।


19 हजार करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट भी पेश

बजट से पहले मंगलवार को वित्त मंत्री ने चालू वित्तीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट भी सदन में रखा, जिसकी राशि करीब 19 हजार 287 करोड़ रुपए है। इस पर 23 फरवरी को चर्चा प्रस्तावित है। साथ ही आर्थिक सर्वेक्षण भी विधानसभा में प्रस्तुत किया गया।


विधानसभा सत्र का पूरा शेड्यूल

मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 6 मार्च तक चलेगा। इस दौरान हजारों सवालों और प्रस्तावों पर चर्चा होगी। सदन में कुल 3478 प्रश्नों की सूचनाएं, 236 ध्यानाकर्षण, 10 स्थगन प्रस्ताव और 41 अशासकीय संकल्प शामिल किए गए हैं, जबकि शून्यकाल में 83 सवाल उठाए जाएंगे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें