शुक्रवार, 24 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्यप्रदेश में फरवरी के दूसरे पखवाड़े में ही चुभन भरी गर्मी,ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा

14 फ़र, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्यप्रदेश में फरवरी के दूसरे पखवाड़े में ही चुभन भरी गर्मी,ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा

मध्यप्रदेश में फरवरी के दूसरे पखवाड़े में ही चुभन भरी गर्मी,ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा

Deepak Singh
डेस्क रिपोर्टर
Deepak Singh

भोपाल। फरवरी का महीना आमतौर पर हल्की ठंड और सुहावने मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार मध्य प्रदेश में तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है।फरवरी महीने के दूसरे पखवाड़े में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन में धूप चुभने लगी है और अब रातों का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। मौसम में यह बदलाव लोगों को हैरान कर रहा है।प्रदेश के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। सिर्फ कटनी जिले के करौंदी और पचमढ़ी में ही पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। बीते 24 घंटों में 8.9 डिग्री सेल्सियस के साथ करौंदी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री, इंदौर में 14 डिग्री, उज्जैन में 15.8 डिग्री, जबलपुर में 13.4 डिग्री और ग्वालियर में 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। 

17 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार

मध्यप्रदेश में रातों की ठंड अब कम होती जा रही है।दिन का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को भोपाल और इंदौर सहित 17 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। खंडवा में पारा 33.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण कुछ जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्के कोहरे की संभावना बनी हुई है। 16 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और सिस्टम सक्रिय होने के आसार हैं। सिस्टम के गुजरने के बाद उत्तरी हवाओं का असर बढ़ सकता है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।हालांकि, पूरे महीने मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। कभी तेज धूप और गर्मी का एहसास तो कभी बादल और ठंडी हवाएं—फरवरी इस बार मौसम के बदलते रंग दिखा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतनी चाहिए।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें