
भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में राहत और बचाव अभियान चल रहा है। अब तक 527 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें खंडवा के 7 तीर्थयात्री भी शामिल हैं।
भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य आपदा प्रबंधन स्थिति कक्ष पहुंचकर प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति जानी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों से जानकारी ली और रेस्क्यू किए गए लोगों से बातचीत भी की।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन
होम गार्ड मुख्यालय में हुई समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि प्रदेश में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित लोगों को निकालने का अभियान लगातार जारी है। सीएम ने मैदानी स्तर पर तैनात राहत एवं बचाव दलों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने राज्य स्तर से हालात पर नजर बनाए रखने और आवश्यकता के अनुसार दूसरे जिलों से सहायता लेने की बात कही।
खंडवा में 7 तीर्थयात्रियों को बचाया
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बचाव दलों की कार्रवाई से अब तक 527 लोगों की जान बचाई गई है। खंडवा में भी 7 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने नदी और नालों के आसपास बने घरों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने को उन्होंने खतरनाक स्थिति बताया।
सीएम की लोगों से अपील
- नदी और नालों के नजदीक रहने वाले लोग सावधानी रखें।
- खतरा बढ़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाएं।
- जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिलों से सहायता ली जाए।
- राज्य स्तर पर बाढ़ की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
सामान्य से 15 फीसदी कम बारिश, फिर भी कई जगह भारी बारिश
मुख्यमंत्री ने बताया कि मौजूदा मॉनसून में प्रदेश में अब तक सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। इसके बावजूद कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में तेज बढ़ोतरी हुई है और जलभराव की स्थिति बनी है। राहत एवं बचाव कार्य में लगे मैदानी अमले को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्यपाल मंगूभाई पटेल से भी मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को लोक भवन में राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में हाल के घटनाक्रमों और सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। राज्यपाल को विधानसभा के मॉनसून सत्र में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल पास होने की जानकारी भी दी गई। साथ ही प्रदेश में कम बारिश की स्थिति पर चर्चा हुई।
इंदौर-उज्जैन और भोपाल-सीहोर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र पर बातचीत
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के साथ प्रस्तावित इंदौर-उज्जैन और भोपाल-सीहोर मेट्रोपॉलिटन शहरों को लेकर भी चर्चा की। बैठक में विकास से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को लेकर भी जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने योग्य सरकारी अधिकारियों के हालिया प्रमोशन के बारे में भी राज्यपाल को अवगत कराया।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और हर घर तिरंगा अभियान पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान की जानकारी दी। स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रदेश में की जा रही व्यापक तैयारियों और तय कार्यक्रमों पर भी बातचीत हुई। इस मुलाकात में बारिश, राहत कार्य, प्रशासनिक फैसलों, विकास परियोजनाओं और आगामी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों से जुड़े कई मुद्दे शामिल रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

