गुरुवार, 23 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्यप्रदेश : महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में 29 जुलाई को मनाई जाएगी गुरू पूर्णिमा

23 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्यप्रदेश : महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में 29 जुलाई को मनाई जाएगी गुरू पूर्णिमा
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। प्रदेश में 29 जुलाई को गुरू पूर्णिमा, महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाई जाएगी। शासकीय व अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों, पॉलिटेकनिक कॉलेजों व औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में मां सरस्वती और महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरुजनों का स्वागत-सम्मान, व्याख्यान-उद्बोधन, छात्र शिक्षक संवाद जैसे साहित्यिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


संस्कृति विभाग की ओर से महर्षि सांदीपनि के जीवन पर ई-एल्बम, बुकलेट एवं महर्षि सांदीपनि का मानक चित्र उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही संस्कृति विभाग, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की 64कलाओं एवं 14 विद्याओं पर केन्द्रित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की विस्तृत रूपरेखा तैयार करेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 102 मेधावी छात्र-छात्राओं (51 स्कूल से, 51 कॉलेज-विश्वविद्यालय से) को एक मुश्त एक बार राशि 1 लाख रूपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।


आमजन को भी अपने शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक गुरुजनों के सम्मान में गुरूजी के नाम से स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थाओं आदि में उपलब्धि अर्जित करने वाले मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति/पदक/पुरस्कार संस्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अपने-अपने गुरु के नाम पर पौधा रोपण, स्वास्थ्य शिविर आदि कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।


स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी किया जाएगा शामिल

महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के अवसर पर आयोजित गतिविधियों एवं कार्यक्रम में समुचित जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। आयोजन के बाद कार्यक्रम के फोटोग्राफ वीडियो व समाचार पत्रों की प्रति संस्कृति विभाग अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल को ई-मेल: shrikrishnapatheynyas@gmail.com पर उपलब्ध कराए जाने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें